जशपुर मुनादी।।जशपुर का सबसे सर्द इलाका पाठ में राजनीति फिर से गर्मा गयी है।कासाबेल में माँ कुदरगढी स्टील प्लांट की जनसुनवाई रद्द होने के बाद बगीचा के पाठ में बॉक्साईड खनन के लिए भी जनसुनवाई की घोषणा के बाद सरकार को हर वक़्त घेरने के ताक में बैठी भाजपा को एक बार फिर से सरकार और जिले के विधायकों को घेरने का मौका मिल गया।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई की तिथि तय किये जाने की खबर जैसे ही भाजपाई खेमे को मिली पूरा खेमा एक्टिव हो गया और आनन फानन में गुरुवार को भाजपा ने जिले भर के भाजपा पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर जनसुनवाई के खिलाफ हल्ला बोलने का आह्वान कर दिया ।पदाधिकारियों की बैठक के बाद भाजपा सांसद गोमती साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ,भाजपा के बिलासपुर संगठन प्रभारी कृष्णा राय पूर्व सांसद रणविजय सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत के द्वारा प्रेस वार्ता बुलाया गया औए कहा गया कि पाठ इलाका संत गहिरा गुरु की तपोभूमि है इसलिए उस इलाके की सुंदरता और पर्यावरण को किसी तरह का नूकसान नहीं पहुंचने देंगे ।
भाजपा ने कहा कि स्व दिलीप सिंह जूदेव का सपना था कि जशपुर हरा भरा रहे ।उनके जीवित रहते किसी उद्योग ने जशपुर में दस्तक देने की हिमाकत नहीं की ।उनके सपनों को साकार करना है और क्षेत्र को ऐसे उद्योगों से बचाकर रखना है जिनसे यहाँ की हरियाली को खतरा है।
प्रेस वार्ता के दौरान जब प्रेस को सम्बोधित करने वाले भाजपा नेताओं से यह पूछा गया कि स्व दिलीप सिंह जूदेव ने कहा था कि जशपुर में कोई उद्योगपति आये तो हेलमेट पहनकर आये क्या भाजपा स्व जुदेव के इस बयान को दोहराना चाहती है ?इस सवाल के जवाब में भाजपा कन्नी काटती नजर आयी ।
स्व दिलीप सिंह जूदेव के भतीजे व पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने इस सवाल का जवाब देते हुए कहा -" स्व दिलीप सिंह जूदेव की कार्यशैली अलग थी हम सिर्फ इतना कहना चाहेंगे कि जशपुर को लेकर जो उनकी सोंच थी उस सोंच को आगे बढ़ाएंगे " उन्होंने आगे कहा-जशपुर से ज्यादा माइन्स कश्मीर और हिमाचल में है कम्पनियों हिमाचल और कश्मीर में खनिज दोहन कर ले जशपुर को बख़्श दें ।
सांसद गोमती साय ने कहा-कि कुमार साहब ने जो रास्ता दिखाया है और वह जशपुर को जैसा रखना चाहते थे हम जशपुर को वैसे ही हरा भरा रखने के प्रति कटिबद्ध हैं " यह पूछने पर कि क्या उनके द्वारा भी जशपुर आने वाले उद्योगपतियों को हेलमेट पहनकर आने की चेतावनी दी जाएगी इस सवाल पर प्रेस को सम्बोधित के रहे सभी भाजपा नेताओ ने चुप्पी साध ली । भाजपा के वरिष्ठ नेता व भाजपा संगठन के बिलासपुर प्रभारी कृष्णा राय ने कहा कि हेलमेट पहनकर आना है या पेड पहनकर आंना है यह तो वक़्त बताएगा ।
हाँ जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत ने यह जरूर कहा कि स्व दिलीप सिंह जूदेव ने कहा था कि जशपुर के पाठ में अगर बोक्साईड का खनन होगा तो उनकी लाश पर होगा तो मैं भी उसी बात को फिर से दोहराना चाहती हूं कि अगर पाठ में बोक्साइड का खनन होगा तो मेरी लाश पर होगा ।"उन्होंने कहा " पाठ का क्षेत्र क्रमांक 1 उनका चुनाव क्षेत्र है और मेरे क्षेत्र की जनता को मैं कभी बेघर नहीं होने दूंगी "
आपको बता दें कि आगामी 22 सितंबर को पाठ में सरकारी बोक्साईड खनन कम्पनी की जनसुनवाई होनी है ।इससे पहले जिले के कांसाबेल के टांगर गाँव मे बीते वर्ष माँ कुदरगढी स्टील प्लांट की जनसुनवाई होनी थी लेकिन corona और भारी बरसात का हवाला देकर प्रशासन ने जनसुनवाई को स्थगित कर दिया था और अभी तक जनसुनवाई की तारीख दुबारा नहीं तय की गई है। भाजपा ने माँ कुदरगढी स्टील प्लांट का भी विरोध किया था ।पूर्व मंत्री गणेशराम भगत आजतक इस कम्पनी के खिलाफ़ मोर्चा खोलकर बैठे है ।