जशपुर मुनादी।।खबर जिले के तपकरा से आ रही है।यहां के बरकस पाली बस्ती में एक हाथी बिजली करेंट के झटके से बेहोश हो गया है। बताया जा रहा है कि जंगल में विचरण करते करते हाथी बरकस पाली बस्ती की ओर पहुंच गया और सड़क किनारे लगे एक बिजली खंभे को लात से मारकर गिराने की कोशिश करने लगा।तभी बिजली खंभे में करेंट आ गया और हाथी को करेंट का ऐसा झटका लगा कि वह सीधे जमीन में जा गिरा ।

ग्रामीणों के मुताबिक घटना सोमवार सुबह तकरीबन 6 बजे की है। निस्तार के निकले ग्रामीणों की नजर जब बेहोश पड़े हाथी पर पड़ी तो उसे देखने वालों की भीड़ लग गई।भारी संख्या में ग्रामीण यहां जुटने लगे इसी बीच हाथी को होश आ गया और वह अचानक खड़ा हो गया ।
मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारी अविनाश शर्मा ने बताया कि बिजली खंभे से हाथी को करेंट का झटका लगा था और झटका खाकर वह जमीन पर गिर गया लेकिन थोड़ी देर में वह खड़ा हो गया लेकिन उसे देखकर ऐसा लग रहा है कि अभी भी उसको झटके का असर है और उसे सामान्य होने में एक दो घंटे का वक्त लग सकता है।