कोरबा मुनादी।। पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से झुलसी पत्नी का अस्पताल में उपचार जारी है। उक्त मामला कोरबा जिले का है।
मिली जानकारी के मुताबिक कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढेलवाडीह सुतरा के पास निवासरत गोपाल अग्रवाल ने अपनी पत्नी भावना के उपर पेट्रोल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। इस दौरान मार्निंग वाॅक पर निकले लोगों ने जीवन और मौत के बीच जुझती महिला की हालत देखकर तत्काल पुलिस को इस घटना से अवगत कराया। जिसके बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से झुलसी भावना का गोपाल अग्रवाल की दूसरी पत्नी है। 6 साल पहले ही दोनों की शादी हुई थी। पहली पत्नी के निधन के पश्चात ही गोपाल ने दूसरा विवाद किया था। भावना के साथ शादी के 6 साल बाद भी बच्चा नही होनें से वह लगातार अपनी पत्नी को प्रताड़ित करते आ रहा था। इसी बीच आज तड़के 4 बजे के आसपास वह अपनी पत्नी को घुमाने के नाम पर लेकर गया और फिर गाड़ी में रखे पेट्रोल को उसके उपर छिड़कर उसे जिंदा जलने का प्रयास किया।
इस मामले में कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।