रायगढ़ मुनादी। मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम नीट यूजी 2022 का रिजल्ट जारी हो चुका है। राजस्थान की तनिष्का ने 715 मार्क्स के साथ पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से ओम प्रभु ने 44 वा स्थान प्राप्त किया है। परिवार युवक के साथ रायपुर से रायगढ़ घर लौटकर आया। परिवार खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच उन्हें चोरी की जानकारी मिली।

घटना की सूचना के बाद रायगढ़ पुलिस के आला अफसर मौके पर गए थे। परिवार के अनुसार घर से लाखों की चोरी हुई है। दरअसल ओम प्रभु रायपुर में रहकर मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी कर रहा था। बुधवार की देर रात छात्र नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ऑफिशियल वेबसाइट्स neet.nta.nic.in, nta.ac.in पर रिजल्ट
जारी किया गया। छात्र ने अपना एग्जाम केवल पास ही नहीं किया बल्कि 99.99 पर्सेंटाइल के साथ पूरे देश में 44 वा स्थान भी प्राप्त किया। इस बात की सूचना के बाद युवक अपने परिवार वालों के साथ घर रायगढ़ आया। रायगढ़ आने के बाद वे सब भौंचक रह गए।
दरअसल उसके घर के लोग दो दिनों के लिए रायपुर गए थे, इसके बाद वे जब आज रायगढ़ आए तो उनके घर का दरवाजा बुरी तरह टूटा हुआ था और कई जेवर जो सोना और चांदी के थे गायब हो गए थे। अज्ञात चोर ने घर में घुसकर चोरी कर ली थी। ऐसे में परिवार खुशियां मनाने की जगह अब सदमे में चला गया है। घटना के बाद रायगढ़ पुलिस छानबीन में लग गई है। लेकिन शहर में हो रही लगातार चोरी से कोतवाली पुलिस के नाइट पेट्रोलिंग पर सवाल उठाए जा रहे हैं।