रायगढ़ मुनादी। रेलवे पुलिस ने महापल्ली से दो टिकट दलालों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंप्यूटर सेंटर के नाम से टिकट की कालाबाजारी कर रहे थे। अवैध टिकट बुकिंग में इस्तेमाल किये गए कंप्यूटर जब्त कर लिए गए है। आरोपियों को रेलवे न्यायालयमें पेश किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह रायगढ़ आरपीएफ के पोस्ट प्रभारी को महापल्ली में टिकट दलाली की सूचना मिली। सूचना पर रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत अभियान चलाया गया, जिसके तहत उप निरीक्षक संजय कुमार एस, आरक्षक विजय खलखो, आरक्षक रणवीर सिंह द्वारा महापल्ली जामगा रोड़ में स्थित आदित्य कम्प्यूटर नामक दुकान के संचालक श्रीबछ गुप्ता, पिता-कालिया गुप्ता, उम्र-32 वर्ष, निवासी-डूमरपाली, थाना-चक्रधरनगर, जिला-रायगढ़ (छ.ग.) को 01 नग पर्सनल यूजर आई.डी.adityag2015 से बनाई गई कुल 26 नग रेल ई-टिकट (पास्ट टिकट), जिसकी कुल कीमत 24हजार 715/- रूपये के साथ गिरफ्तार किया गया व आरोपी द्वारा उक्त रेलवे ई-टिकटों को बनाने में उपयोग में लाये गये सीपीयू , मॉनीटर, माउस एवं मोबाईल फोन को जब्त कर आरोपी सहित रेसुब पोस्ट रायगढ़ लाया गया एवं उसके विरूद्ध धारा 143 रेलवे अधिनियम का मामला पंजीबद्ध किया गया।
इसी तरह दूसरे मामले में महापल्ली जामगा रोड़ में स्थित विराट कम्प्यूटर नामक दुकान के संचालक दिनेष बिषी, पिता-मोहन बिषी, उम्र-25 वर्ष, निवासी-महापल्ली थाना-चक्रधरनगर, जिला-रायगढ़ (छ.ग.) को 01 नग पर्सनल यूजर आई.डी. bisidinesh43 से बनाई गई कुल 50 नग रेल ई-टिकट (पास्ट टिकट), जिसकी कुल कीमत 12 हजार 35 रूपये के साथ गिरफ्तार किया गया व आरोपी द्वारा उक्त रेलवे ई-टिकटों को बनाने में उपयोग में लाये गये सीपीयू , मॉनीटर, माउस एवं मोबाईल फोन को जप्त कर आरोपी सहित रेसुब पोस्ट रायगढ़ लाया गया एवं उसके विरूद्ध धारा 143 रेलवे अधिनियम का मामला पंजीबद्ध किया गया।