जशपुर मुनादी।।इस्लाम कबूल कर मुस्लिम लड़के से निकाह रचाने का एलान करने के मामले ने पूरी तरह सियासी रंग ले लिया है। 24 घण्टे में भी युवक के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज नहीं होने के बाद न केवल रौनियार समाज बल्कि सभी समाज के लोग आज सड़क पर उतरने वाले हैं । जिले के एडिशनल एसपी और स्थानीय लोगो के बीच हुई लम्बी बात चीत के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ है और आज इसी मामले को लेकर जशपुर बंद और चक्का जाम बुलाया गया है।

दरअसल बुधवार इसी मामले को लेकर जशपुर कल्याण आश्रम में दूसरी बार बैठक बुलाई गई थी।कल्याण आश्रम में आयोजित इस बैठक में न केवल रौनियार समाज बल्कि सभी समाज के लोग जमा हुए ।काफी देर तक बैठक चली और बैठक के बाद सारे लोग एडिशनल एसपी से मिलने एसपी कार्यालय पहुंच गए यह जानने कि बीते 24 घंटे में इस मामले में पुलिस ने क्या कार्रवाई की ।इस मामले को लेकर स्थानीय लोग और एडिशनल एसपी के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। पुलिस की ओर से बताया गया कि इस मामले में युवक शाहबाज,युवती और उसके घरवालों का बयान लेकर पुलिस पूरे मामले का गहराई से अनुसंधान कर रही है और अनुसंधान पूरा होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी ।
लेकिन समाज के लोग इनके इस जवाब से संतुष्ट नहीं थे ।इनका कहना है कि युवती के पिता के द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट दर्ज कर लेनी थी लेकिन दबाव में आकर पुलिस ने ऐसा कुछ नहीं किया जांच के नाम पर मामले को टालने का प्रयास किया जा रहा है । भीड़ की अगुवाई कर रही जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनि भगत का कहना है कि पुलिस किसी दबाव में है इस वजह से अबतक कार्रवाई नहीं हो पाई है जबकि एडिशनल एसपी उमेश कश्यप का तर्क था कि पुलिस मामले की गहराई से और निष्पक्ष जांच कर रही है।सारे लोगो के बयान ले लिए गए है ।पुलिस न तो किसी दबाव में है और न ही पुलिस किन्हीं भी तथ्यों की अनदेखी कर कर रही है ।सारे तथ्यों के सामने आ जाने के बाद निष्पक्ष रूप से कार्रवाई होगी ।लेकिन पुलिस के इस तर्क से लोग सहमत नही हुए और आखिरकार आज जशपुर बंद का एलान कर दिया ।
खबर आ रही है कि आज सुबह 8 बजे जिला मुख्यालय के गम्हारिया चौक में सर्व समाज के लोग सहित हिंदू संगठन के लोग भी जमा होंगे और वही से आगे की रणनीति तय होगी ।बताया जा रहा है कि गम्हारिय चौक में ही बैठक होगी और बैठक के दौरान चक्का जाम रहेगा । इस मामले को प्रदेश स्तर पर ले जाने के लिए संघ और हिंदू संगठनों ने रणनीति बना ली है खबर है कि न केवल जशपुर बल्कि पूरे प्रदेश में इस मामले को लेकर बड़ा आंदोलन खड़ा हो सकता है।
आपको बता दें कि जशपुर के रहने वाले रौनियार समाज की एक 22 वर्षीय युवती ने मुस्लिम समुदाय के शाहबाज नाम के युवक के साथ निकाह करके इस्लाम कबूलने का एलान कर दिया है वह भी शपथ पत्र के साथ ।शपथ पत्र के सोशल मीडिया में वायरल होने बाद रौनियार समाज में खलबली मच गई और मंगलवार को जिले भर और प्रदेश के अन्य जिलों के समाज के नेता जशपुर में जमा हो गए । रौनियार भवन से लेकर एसपी ऑफिस तक रैली निकाली गई। समाज के लोग सैंकड़ों की संख्या में एकत्र होकर एसपी ऑफिस पहुंच गए शाहबाज के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कर उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने लगे ।पुलिस ने जब जांच के बाद एफ आई आर दर्ज करने की बात कही गई तो सारे के सारे लोग आक्रोशित होकर उसी जगह धरने पर बैठ गए और फिर वहां लव जेहाद के नारे लगने शुरू हो गए ।बाद में पुलिस ने उन्हें 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तब जाकर भीड़ वहां से उठकर अपने अपने घर गई।