जशपुर मुनादी ।।
जशपुर रियासत की बड़ी बहू प्रियम्वदा सिंह जूदेव ने मिशन गढ़वापसी का श्रीगणेश कर दिया है।मंगलवार को इसी क्रम में योजना के मुताबिक जशपुर मंडल के इचकेला गाँव मे सुंदर कांड के पाठ से मिशन की शुरुआत हुई है। जानकारी के मुताबिक जिले भर के 20 मंडलो में लगातार सुंदर कांड पाठ के आयोजन किये जाएंगे और सभी आयोजन बहुरानी प्रियम्वदा की अगुवाई में की जाएगी ।इस आयोजन की शुरुआत जशपुर मंडल के इचकेला गाँव से हुई है।मंगलवार को सुंदरकांड पाठ के आयोजन में न केवल इचकेला बल्कि आस पास के ग्रामीणों ने भी हिस्सा लिया।बहुरानी प्रियम्वदा स्वयं वहां पहुंची और शंखनाद के साथ आरती की ।
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले बहुरानी ने मिशन गढ़वापसी का एलान करते हुए कहा था कि कांग्रेस की झोली में गए जिले के तीनों विधानसभा सीट को कांग्रेस से छीनकर भाजपा की झोली में डालना उनका मुख्य मिशन है और इस आयोजन को इसी मिशन से जोड़कर देखा जा रहा है ।
हांलाकि इस सम्बंध में जब हमने प्रियम्वदा सिंह जूदेव से बात की तो उनका जवाब था------"सियासी घराने से हैं ,मायका हो या ससुराल दोनो घरानों का पूरे देश मे नाम है ऐसे में हम अगर राजनीति करते भी हैं तो इसमें बुराई क्या है?राजनीति के गोद मे पले हैं तो राजनीति तो करेंगे ही लेकिन इस धार्मिक आयोजन के पीछे हमारा कोई राजनीतिक मकसद नहीं बल्कि भगवान के प्रति हमारी आस्था है,सनातन धर्म को बचाये रखने की कवायद है ।ऐसे धार्मिक आयोजनों से ही धर्म मजबूत होगा और लोगो मे धार्मिक भावनाएं विकसित होंगी ।"
आपको बता दें कि प्रियम्वदा सिंह जूदेव भाजपा के दिवगंत नेता मिशन घरवापसी के महानायक कहे जाने वाले स्व दिलीप सिंह जूदेव की बड़ी बहू है और बीते 2013 से राजनीति में सक्रिय होकर कार्य कर रही है। वह नगरपालिका जशपुर की उपाध्यक्ष भी रही लेकिन 2020 के नगरी निकाय चुनाव में वह चुनाव नहीं लड़ी ।

