जशपुर मुनादी।। कुनकुरी जनपद सभागार में विगत दिनों हुए कांग्रेस पार्टी के बैठक वाले मामले में सांसद गोमती की एतराजगी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कांग्रेस पार्टी का दोहरा चरित्र बताया और कहा कि जहां एक तरफ राज्य में किसी भी जुलूस धरना प्रदर्शन एवं कार्यक्रम के लिए अनुमति की अनिवार्यता की गई है, वहीं खुद उन्हीं की सरकार के नुमाइंदे बिना किसी अनुमति के जनपद पंचायत के सभागार में राजनीतिक बैठक कर रहे हैं तथा प्रतिवाद में यह कहना कि हमारी सरकार है हम कहीं भी बैठक कर सकते हैं।
अगर ऐसा है तो अब हमारी भारतीय जनता पार्टी जनपद में नहीं बल्कि जिला पंचायत सभागार में भारतीय जनता पार्टी के जिला स्तर की बैठक करेगी इतना ही नहीं नंद कुमार साय ने इस संबंध में भाजपा के जिला अध्यक्ष रोहित साय को निर्देशित किया कि जल्द ही जिला पंचायत के सभागार में भारतीय जनता पार्टी की जिला स्तर की पार्टी आहूत की जाए तथा हम स्वयं उस बैठक में शामिल होंगे।

अगर शासन द्वारा किसी प्रकार का अड़ंगा किया जाता है तो पहले जशपुर कलेक्टर के द्वारा कुनकुरी के जनपद सीईओ पर कार्यवाही कर उसे तत्काल हटाया जाए उसके बाद ही किसी प्रकार की बात होगी, बहरहाल देखने वाली बात यह है कि इस मामले पर भारतीय जनता पार्टी जसपुर द्वारा मामले को यहीं पर ठंडा कर दिया जाता है या आगे यह मामला गंभीर रूप लेगा।

