07-May-2022


सीएम का जशपुर दौरा :इस रिपोर्ट को जरूर पढिये ,सीएम के आने पहले क्या चल रहा है अंदरखाने में ?किन किन पर आएगी शामत? कौन तैयार कर रहा है …..पढिये पूरी रिपोर्ट



जशपुर मुनादी।। सीएम भुपेश बघेल फिलहाल सरगुजा सम्भाग के दौरे पर हैं।खबर यह भी नहीं कि सीएम का दौरा जारी है बल्कि खबर यह है कि सीएम लगातार भ्रष्ट और अकर्मण्य अधिकारियों के विकेट धड़ाधड़ गिरा रहे हैं ।जिन जिन के खिलाफ जनता ने शिकायत की कम से कम उन अधिकारियों की तो खैर नहीं ।


कहा जा रहा है कि अगले माह जून के पहले सप्ताह में ही सीएम भुपेश बघेल का जशपुर दौरा है और अगर सीएम का यही अंदाज रहा तो निश्चित तौर पर यहां भी कई अधिकारियों के विकेट गिर सकते हैं ।अधिकारियों के विकेट गिराने के लिए न केवल विपक्ष बल्कि पक्ष के नेता भी अभी से ही ऐसे अधिकारियों की लिस्टिंग करने और उनके कृत्यों का पुलिंदा तैयार करने में जुट गए हैं।

यह जानकर आप हैरान भी हो सकते हैं कि जिले के अधिकारियों से नाराजगी विपक्ष भाजपा से ज्यादा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं में है। बहुत कम ऐसा देखने सुनने को मिलता है कि प्रशासनिक अधिकारियों से सत्ता पक्ष के लोग नाराज हो और विपक्ष को उन अधिकारियों से कोई परेशानी न हो । इसके कई उदाहरण साढ़े 3 वर्षो के अंतराल में सामने आ चुके हैं और ये सारे मामले मीडिया की सुर्खियों में भी रहे ।

सत्ता पक्ष के नेताओं में अधिकारियों के प्रति नाराजगी का आलम यह है कि कांग्रेस नेताओं को गांधीगिरी करने की नौबत आ रही है तो कुछ तो कलेक्टर कार्यालय में ही धरने पर बैठ जा रहे हैं । अभी कुछ दिन पहले ही कांग्रेस के संगठन प्रभारी का जिले में 6 दिवसीय दौरा हुआ था और 6 दिनों में संगठन प्रभारी ने जहां जहां पर कार्यकर्ताओं की बैठक ली वहां वहाँ कार्यकर्ताओं की पहली शिकायत रही कि अधिकारी उन्हें तवज्जोह नहीं देते ।बीते माह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष हीरुराम निकुंज ने भी अधिकारियों पर गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था कि अधिकारियों के द्वारा उनकी और कांग्रेस के अन्य जमीनी नेताओं की अनदेखी करते हैं उंन्हे शासकीय कार्यक्रमो की जानकारी तक नहीं दी जाती।इससे पहले कांग्रेस के जिला सचिव हंसराज अग्रवाल ने जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक रामपुकार सिंह को नहीं बुलाये जाने पर खुलकर आपत्ति दर्ज की थी ।

हाल ही में घटित एक घटना से भला जिले का कौन वाकिफ नहीं होगा जब कांग्रेस के नेता व आरटीआई कांग्रेस के जिलाध्यक्ष निलेश सिंह कलेक्टर कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए और अतिरिक्त कलेक्टर आई एल ठाकुर से हॉट बहस का वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हुआ।

नेताओं को छोड़कर अगर हम जनप्रतिनिधियों की बात करें तो जिले के फायर ब्रांड विधायक यूडी मिंज स्वयं कई मामलों की जाँच करवा रहे हैं।जिले में बन रहे कई सड़को की गुणवत्ता पर उन्होंने न केवल सवाल उठाए बल्कि उनकी जांच भी चल रही है। फरसाबहार में बन रहे नए अस्पताल की गुणवत्ता पर भी इन्हीं विधायक ने सवाल उठाए थे और फरसाबहार के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निरंजन ताम्रकार के द्वारा इस मामले की थाने में लिखित शिकायत भी की थी।

कूल मिलाकर ऐसे कई मामले अबतक सामने आ चुके है जिससे यह बताने में कोई गुरेज नहीं कि सत्ता पक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच यहाँ एक बड़ी खाई है।ऐसे में नाराज चल रहे कांग्रेसियों को जबसे पता चला है कि सीएम का जशपुर में भी तीनो विधानसभा में तीन दिनों का दौरा होने वाला है तो उनकी बांछें खिल गयी है और उनके निशाने पर रहने वाले अधिकारियों का चिट्ठा तैयार करने में लग गए हैं वो भी पूरे सबूतों के साथ ।

हांलाकि प्रशासन भी सीएम के आने की तैयारी में पूरे मुश्तैदी के साथ जुटा हुआ है।कहीं कोई चूक न हो इसका पूरा ख्याल रखते हुए कलेक्टर स्वयं जिले भर का दौरा कर रहे हैं।इसके अलावे प्रशासनिक अधिकारियों की पूरी टीम भी अलग अलग हिस्सों में जाकर सबकुछ ठीक ठाक करने में पूरी तन्मयता से जुटा हुआ है ।बस इंतज़ार है सीएम के आने की ।

बहरहाल,इश्क जार-ए -दिल आज रोता है क्या

आगे आगे देखिए होता है क्या …….








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News