रायपुर मुनादी।।
छत्तीसगढ़ संयुक्त प्रगतिशील कर्मचारी महासंघ (संयुक्त मोर्चा) के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रदेश के शासकीय क्षेत्र में कार्यरत अनियमित कर्मचारी/अधिकारीयों का महासम्मेलन आयोजित किया गया।
संयुक्त मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष गोपाल प्रसाद साहू ने बताया कि महासम्मेलन में समग्र चर्चा उपरांत अनियमित कर्मचारियों द्वारा नियमितीकरण करने, विगत 4-5 वर्षों से निकाले गए अनियमित कर्मचारियों को बहाल करने, छटनी न किये जाने, शासकीय सेवाओं में आउटसोर्सिंग/ठेका प्रथा को पुर्णतः समाप्त कर कर्मचारियों का समायोजन करने, अंशकालिक कर्मचारियों को पूर्णकालीन करने तथा 15 अनियमित कर्मचारियों पर न्यायालय में चल रही मुकदमें को वापस लेने हेतु समय-सीमा में कार्यवाही किये जाने हेतु प्रस्ताव पारित किया गया तथा उक्तानुसार समस्त उपस्थित सदस्यों का हस्ताक्षरित ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

महासम्मेलन में प्रदेश के समस्त 28 जिलों के अनियमित कर्मचारी संगठनों के साथ-साथ नियमित संगठनों/छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए एवं अपना नैतिक समर्थन दिया। इसी प्रकार महासम्मेलन में प्रदेश में कार्यरत 50 से अधिक अनियमित संगठनों के 10000 से अधिक अनियमित कर्मचारी/अधिकारी एक दिवस का अवकाश लेकर परिवार सहित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर "नौकरी की सुरक्षा" मुहीम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया तथा अनियमित कर्मचारी/अधिकारी की समस्याओं पर गहन विचार विमर्श किया गया।

उल्लेखनीय है मुख्यमंत्री एवँ कांग्रेस के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने हमारे संघर्ष के दिनों में हमारे मंच पर आये और उनकी सरकार बनने पर 10 दिवस में नियमित करने का वादा किया था तथा हमारी मांगों को कांग्रेस के जन-घोषणा (वचन) पत्र “दूर दृष्टि, पक्का इरादा, कांग्रेस करेगी पूरा वादा” के बिंदु क्रमांक 11 एवं 30 में अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण करने, छटनी न करने तथा आउट सोर्सिंग बंद करने का वादा किया| इसी प्रकार शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा इस वर्ष किसानों के लिए है आगामी वर्ष कर्मचारियों का होगा के वचन से हम काफी आशान्वित है। परन्तु अनियमित कर्मचारियों की छटनी ने हमारी कमर तोड़ दी है, छटनी से अनियमित साथियों में असुरक्षा, भय, असंतोष व्याप्त है।
संयुक्त मोर्चा अपनी नियमितीकरण एवं छटनी न करने की मांग सहित 5 सूत्रीय मांग को सरकार के समक्ष मजबूती से रखने हेतु आगामी महीनों में 75 से अधिक अनियमित संगठनों से समग्र समन्वय स्थापित अपने अनियमित आन्दोलन को तेज करेगा।

