रायपुर मुनादी//
छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से बड़ी खबर आ रही है, जहां किसानो का आरोप है कि अधिकांश धान खरीदी केंद्रों में, धान खरीदी 30 जनवरी से बंद है। किसानों ने कलेक्टर और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तुरंत धान खरीदी के लिए आग्रह किया है।
किसानों ने कलेक्टर को दिये आवेदन में कहा है कि धान खरीदी नहीं होने की स्थिति में मजबूरन आत्महत्या करने के लिए विवश होना पड़ेगा। जल्द से जल्द धान खरीदी की जाए। 20 दिनों से खरीदी नहीं हो रही है इसलिए किसानों को लग रहा है कि अब उनका धान नहीं लिया जाएगा और वह इस तरह कदम उठाने पर मजबूर हो रहे हैं।
ज्ञापन में किसानों ने कहा है कि धान संग्रहण केंद्र मेढुका में गत 30 जनवरी 2020 से किसानों का धान नहीं ख़रीदा जा रहा है। किसान धान लेकर आते हैं और उन्हें वापस कर दिया जाता है।
धान खरीदी के लिए अब सिर्फ 3 दिन शेष है, जिसके बाद किसानों की चिंता बढ़ गई है। आज भी किसानों के द्वारा लाया गया था, जो वापस कर दिया गया। बारदाना नहीं होने का बहाना बनाया जाता है। किसानों का कहना है कि अगर बारदाना उपलब्ध नहीं है तो किसानों के ही बोरे में धान ले लिया जाए और उन्हें दूसरा बारदाना दे दिया जाए।
किसानों ने धान नही खरीदे जाने पर आंदोलन और सड़क जाम करने की भी धमकी दी है।

