रांची मुनादी।।
झारखंड राज्य के गोड्डा जिले की महिला कलेक्टर जिन्हें झारखंड में उपायुक्त कहा जाता है ने अपनी प्रसूति के लिए सरकारी अस्पताल को चुना। वे सरकारी अस्पताल में भर्ती हुई और वहीं एक स्वस्थ शिशु को जन्म भी दिया। अमूमन ऐसा नहीं होता। IAS जैसे पद पर बैठे लोग छोटी मोटी बीमारियों के लिए भी कॉर्पोरेट अस्पताल का चयन करते हैं जो काफी महंगा भी होता है।
IAS किरण कुमारी पासी को सब तरफ से बधाइयां भी मिल रही है और उनको सराहा भी जा रहा है। कवर्धा कलेक्टर अवनीश शरण ने भी ट्वीट कर उन्हें बधाई दी है। अवनीश शरण ने भी बलरामपुर कलेक्टर रहते हुए अपने बच्चे का एडमिशन सरकारी स्कूल में करवाया था।
किरण कुमारी को बधाई देने और प्रशंसा करने वालों में विख्यात पत्रकार रविश कुमार भी हैं। उन्होंने भी किरण कुमारी को बधाई देते हुए लिखा है कि -
झारखंड के गोड्डा ज़िले की उपायुक्त किरण कुमारी पासी को बधाई। आपने अपने बच्चे को जन्म देने के लिए सरकारी सदर अस्पताल को चुना। सिजेरियन के लिए कोई IAS सरकारी अस्पताल नहीं जाता। बच्चे को ख़ूब सारा प्यार और आपको सलाम। सिस्टम में भरोसा बहाल करना ही राष्ट्र निर्माण है। यह तस्वीर बहुत सुंदर है। हम किरण कुमार पासी और उनके नवजात शिशु के स्वास्थ्य और सुंदर भविष्य की कामना करते हैं।
इस पोस्ट के बाद कई सरकारी अफ़सरों का फ़ोन आया कि उन्होंने भी सरकारी अस्पतालों को ही चुना है। तो उन्हें भी बधाई। बैक डेट से।


