रायगढ़ मुनादी।। शहर के चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। अंबेडकर नगर आईटीआई कॉलोनी में विंडो एसी का कंप्रेशर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक व्यक्ति की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से झुलसकर घायल हो गया। हादसे में घर के भीतर खड़ी दो बाइक समेत घरेलू सामान जलकर खाक हो गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 2:30 बजे की है। अचानक हुए तेज धमाके से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि एक मकान आग की लपटों में घिरा हुआ था और मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था। बताया जा रहा है कि घर में लगा विंडो एसी अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे पुरुषोत्तम पटेल (45 वर्ष) की दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र राजबीर पटेल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पड़ोसियों ने बताया कि पिता-पुत्र पिछले कई वर्षों से इसी मकान में रह रहे थे। पुरुषोत्तम पटेल पेशे से इलेक्ट्रिशियन थे। विडंबना यह रही कि जिस रात यह हादसा हुआ, उसी दिन उनके बेटे राजबीर का 19वां जन्मदिन मनाया गया था। खुशियों का माहौल कुछ ही घंटों में मातम में बदल गया।
पास में रहने वाली एक महिला ने बताया कि रात करीब पौने तीन बजे जलने की आवाज सुनकर वे लोग बाहर निकले। पड़ोसी के घर में आग लगी देख तत्काल बिजली सप्लाई काटी गई और आसपास के लोगों ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पिता-पुत्र को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक पुरुषोत्तम पटेल दम तोड़ चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाने की टीम और एफएसएल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में एसी की तकनीकी खराबी या गैस प्रेशर बढ़ने के कारण विस्फोट की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।