रायगढ़ मुनादी।।
जिला शहर अध्यक्ष पद के लिए जिन लोगों की लिस्ट रायगढ़ से भेजा गया था उसे कांग्रेस ने वापस लौट दिया है। कहा जा रहा है कि इस पद पर किसी योग्य महिला की नियुक्ति की जाएगी। अब इस पद के लिए तीन महिलाओं का नाम आगे भी आ गया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी मुनादी से बातचीत में बताया कि पूरे प्रदेश में 30 प्रतिशत महिलाओं को जिलाध्यक्ष बनाया जाएगा ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ शहर कांग्रेस अध्यक्ष के सभापति बनने के बाद जिलाध्यक्ष के पद पर जो नेता आंख गड़ाए बैठे थे उन्हें अब निराशा हाथ लग सकती है। जिले से भेजी गई सूची आलाकमान ने यह कहकर वापस कर दिया है कि इस पद पर अब महिला की नियुक्ति होगी। यही नहीं पार्टी पूरे प्रदेश के ज्यादातर शहरी क्षेत्रों के जिलाध्यक्ष पद पर महिलाओं की ही नियुक्ति करने जा रही है। पार्टी का इरादा है कि प्रदेश में कम से कम 30 प्रतिशत शहर जिलाध्यक्ष महिला हो।

रायगढ़ जिले से अबतक अध्यक्ष पद के लिए तीन नाम सामने आए हैं इसमें महिला कांग्रेस अध्यक्ष स्नेहलता शर्मा, पार्षद संजना शर्मा और पार्षद ननकी नोनी का नाम प्रमुख है। स्नेहलता शर्मा कई सालों से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय हैं और विपक्ष में रहते हुए भी हमेशा पार्टी के लिए मेहनत की है वहीं संजना शर्मा एक तेज तर्रार पार्षद हैं और दूसरी बार पार्षद चुनी गई हैं। पार्टी में इनकी छवि काफी तेज तर्रार महिला नेत्री की है वहीं ननकी नोनी भी पार्षद है और कई आंदोलनों में उन्हें आगे देखा जाता रहा है।
बहरहाल अब देखना यह है कि इन तीनों के अलावा और किसका नाम सामने आता है और पार्टी हाई कमान किसे शहर जिलाध्यक्ष चुनती है। वैसे बताया जा रहा है कि स्नेहलता शर्मा और संजना शर्मा का नाम जहां संगठन की ओर से गया है वहीं ननकी नोनी का नाम विधायक खेमे की ओर से बढ़ाया गया है।

