जशपुर मुनादी।।
जशपुर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था कितनी चरमराई हुई है और किस तरह लोग इस कुव्यस्था के चलते परेशान हो रहे हैं इसका ताजा नमूना आज रनपुर सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में देखने को मिला जहां साढ़े 10 बजे तक न तो कोई डॉक्टर पहुँच पाए न नर्स और न ही कोई यहाँ का एक भी कर्मचारी।इसका खुलासा तब हुआ जब कुनकुरी जनपद पंचायत के पूर्व बीडीसी विष्णु गुप्ता अपनी माँ को डायलिसिस कराने अम्बिकापुर ले जा रहे थे।रनपुर पहुंचते पहुँचते उनकी माँ की तबियत अचानक खराब हो गई और जब वे अपनी माँ को लेकर शनिवार की सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे रनपुर अस्पताल पहुँचे तो वहाँ सन्नाटा पसरा हुआ था ,न डॉक्टर,न नर्स,न कर्मचारी ।काफी देर तक अस्पताल के कर्मचारियों को विष्णु गुप्ता और उनके सहयोगी ढूंढते रहे बाद में जब उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू किया तब जाकर अस्पताल क्वार्टर में मौजूद एक सिस्टर आई और उनकी माँ का ब्लड प्रेशर चेक किया परन्तु डॉक्टर अभी तक नही पहुँच पाए है ।आखिरी में मरीज को उसी हालत में उन्हें अंबिकापुर ले जाना पड़ रहा है ।
आपको बता दें कि रनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का यह कोई पहला मामला नही है इससे पहले भी डॉक्टर की ग़ैरमोजूदगी के चलते यहाँ कई बार वाद बिवाद की स्थिति निर्मित हो चुकी है और तबादले की कार्यवाही भी हुई है लेकिन इन सबके बावजूद यहाँ की व्यवस्था में सुधार होने की गुंजाइश नही दिख रही है ।

