रायगढ़ मुनादी।।
कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर जहां बड़े नेताओं ने होली मनाने तक से मन कर दिया है, लोग अब हाथ मिलाने की जगह नमस्ते से काम चल रहे हैं, सभी संस्थानों से बायो मैट्रिक अटेंडेंस सिस्टम हटा दिया गया है वहीं इन तमाम निर्देशों से बेपरवाह स्थानीय उद्योगों में अभी भी बायो मैट्रिक सिस्टम से ही अटेंडेंस लिया जा रहा है। जबकि इन बड़े छोटे उद्योगों में चीन, इटली समेत कई देशों के इंजीनियर यहां आते जाते रहते हैं। खासकर बड़े उद्योगों में तो अक्सर विदेशी इंजीनियर का आना जाना लगा रहता है।
जिले में पॉवर प्लांट और स्टील के कई बड़े उद्योग हैं जहां आज भी कर्मचारियों, अधिकारियों का अटेंडेंस इसी पद्धति से लिया जा रहा है। कोरोना वायरस के फैलने और भारत में भी 40 मरीजों के चिन्हांकन के बाद सरकारों ने इससे बचने के लिए सुरक्षा संबंधी तमाम निर्देश जारी किए हैं जिनमें से एक निर्देश बायो मैट्रिक सिस्टम से अटेंडेंस न लेने संबंधी निर्देश भी है।
डॉक्टर्स का मानना है कि कोरोना वायरस हाथ मिलाने से, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने इस तरह के आदेश जारी किए हैं। कोरोना को लेकर डर का आलम यह है कि अमूमन लोग एक दूसरे के मिलने पर अब हाथ मिलाना भी पसंद नहीं कर रहे हैं। पोल्ट्री व्यवसाय पर इसका भारी असर पड़ा है ।

