रायगढ़ मुनादी।।
कोरोना वायरस का कहर और हर तरफ से इससे बचने के लिए सेनेटाइजर के उपयोग का जोर शोर से प्रचार के बाद कई शहरों से सेनेटाइजर का उत्पाद बाजार से गायब हो गया है। मेडिकल दुकानों से लेकर सामान्य स्टोर में पाया जाने वाला सेनेटाइजर अचानक कैसे बाजार से खत्म हो गया ? यही नहीं बाजार में मास्क की काफी मांग के बाद वह भी गायब होने लगा है।
कोरोना वायरस से बचने के लिए सुरक्षा के लिए जो सबसे आसान बात कही जा रही है उसमें से एक यह भी है कि अल्कोहल युक्त सेनेटाइजर का उपयोग हाथ पर बार बार किया जाना चाहिए। इसे हमेशा हाथ पर लगाने से कोरोना का वायरस खत्म हो जाता है। इसके प्रचार के बाद लोग सेनेटाइजर खरीदने बाजार में टूट पड़े। जिस उत्पाद को एक खास वर्ग के लोग ही उपयोग किया करते थे उसकी बिक्री अचानक बढ़ गई और यह उत्पाद बाजार से अब गायब हो गया।
एक मेडिकल स्टोर संचालक ने मुनादी को बताया कि प्रोडक्ट कंपनी से ही नहीं आ रहा है। लगता है वहां भी इसकी शॉर्टेज हो गयी है। कई लोग इस उत्पाद के लिए शहर के मेडिकल एजेंसीज तक के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन यह प्रोडक्ट उन्हें नहीं मिल पा रहा है।
इसके पीछे कंपनियों की मुनाफाखोरी की भी बात कही जा रही है। संभावना है कि नया प्रोडक्ट अपने नए मूल्य के साथ बाजार में आएगा। हो सकता है कि इसका मूल्य इस बार काफी ज्यादा हो। किसी भी उत्पाद की मांग जब बाजार में बढ़ जाती है तो उसका मूल्य बढ़ जाता है। मांग के अनुपात में अभी इस उत्पाद की पूर्ति भी संभव नहीं है।
शासन या प्रशासन को कोरोना से बचाव संबंधित तमाम उत्पादों की बाजार में उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए साथ ही यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई बड़ी कंपनी आम लोगों के इस मजबूरी का फायदा भी न उठा पाए।

