बैकुण्ठपुर से राजन पाण्डेय की मुनादी।।
त्रिस्तरीय पंचायत राज व्यवस्था के तहत् जिले में सर्वोच्च स्थान रखने वाली जिला पंचायत में विभिन्न विभागों की समीक्षा के लिए बनाई जाने वाली कार्यकारणी समितियों का निर्वाचन जिला पंचायत के मंथन कक्ष में सम्पन्न हुआ। जिला पंचायत में इस बार सामान्य प्रशासन समिति एवं शिक्षा समिति के अतिरिक्त 06 अन्य समितियों के सभापति का निर्वाचन सदस्यों की आपसी सहमति के कारण निर्विरोध सम्पन्न हुआ। पीठासीन अधिकारी के रूप में अपर कलेक्टर कोरिया सुखनाथ अहिरवार की उपस्थिति में सभी सदस्यों ने विहित प्राधिकारी के नाम एक संकल्प पारित करते हुये 05 स्थायी समितियों के अतिरिक्त 03 अन्य समितियों के गठन की मांग रखी, जिस पर विहित प्राधिकारी द्वारा सहमति पश्चात् महिला एवं बाल विकास समिति, वन समिति तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समितियों के लिए सभापति और सदस्यों का चयन किया जाना तय हुआ। इस दौरान जिला पंचायत के मंथन कक्ष में पीठासीन अधिकारी के अतिरिक्त जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह, उपाध्यक्ष वेदान्ती तिवारी, सदस्य दृगपाल सिंह, विजय राजवाड़े, रविशंकर सिंह, श्रीमती फुलमति सिंह, श्रीमती उषा सिंह करयाम, श्रीमती चुन्नी पैकरा, श्रीमती ज्योत्सना रासमणी तथा श्रीमती सुनिता कुर्रे सहित पीठासीन अधिकारी के सहायक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पंचायत के मंथन कक्ष में दोपहर बाद जिला पंचायत के विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों और सभापति के चयन के लिए सम्मिलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों ने जिला पंचायत के अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह, व उपाध्यक्ष वेदान्ती तिवारी के साथ आपसी चर्चा कर एक संकल्प पारित किया इस संकल्प के माध्यम से जिला पंचायत द्वारा 8 समितियों के गठन का प्रस्ताव पारित करते हुये सभी को अलग-अलग दायित्व सौंपे जाने के लिए सहमति बना ली। जिला पंचायत कोरिया में नव निर्वाचित पदाधिकारियों द्वारा जिन समितियों का दायित्व आपस में बाटा गया है, उनमें सामान्य प्रशासन समिति की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती रेणुका सिंह द्वारा की जायेगी, जिसमें सभी समितियों के सभापति सदस्य होगंे। साथ ही जिला पंचायत की शिक्षा समिति की अध्यक्षता उपाध्यक्ष वेदान्ती तिवारी द्वारा की जायेगी, इस समिति में जिला पंचायत के सदस्य श्रीमती चुन्नी पैकरा एवं श्रीमती ज्योत्सना रासमणि सदस्य होंगे। सम्मेलन में जिन अन्य समितियों का निर्वाचन सपन्न किया गया है, उसमें संचार संकर्म समिति में श्री विजय राजवाड़े सभापति निर्वाचित किये गये हैं तथा इस समिति में दृगपाल सिंह तथा रविशंकर सिंह सदस्य होंगे। स्थायी समितियों में एक कृषि समिति में श्री दृगपाल सिंह को सभापति तथा श्रीमती सुनीता कुर्रे एवं विजय राजवाडे़ को सदस्य चुना गया है। जिला पंचायत की उद्योग सहकारिता समिति में रविशंकर सिंह सभापति होंगे तथा विजय राजवाड़े और दृगपाल सिंह को सदस्य बनाया गया है। जिला पंचायत के पदाधिकारियों द्वारा पारित संकल्प के अनुसार गठित स्वास्थ्य एवं स्वच्छता समिति में श्रीमती उषा सिंह सभापति तथा श्रीमती चुन्नी पैकरा एवं श्रीमती फूलमति सिंह सदस्य होंगी। महिला एवं बाल विकास समिति में श्रीमती चुन्नी पैकरा को सभापति तथा श्रीमती ज्योत्सना एवं श्रीमती उषा सिंह को सदस्य निर्वाचित किया गया है। वन समिति में श्रीमती फूलमति सिंह सभापति तथा श्रीमती उषा ंिसंह एवं श्रीमती ज्योत्सना सदस्य निर्वाचित की गई हैं। सभी सदस्यों के आपसी सहमति से हुए निर्वाचन के बाद पीठासीन अधिकारी की अनुमति से सम्मिलन की समाप्ति की घोषणा की गई। इस अवसर पर उप संचालक पंचायत संजय राय, उमेश जायसवाल, आर एस गुप्ता, श्री शुक्ला, ऋषिदेव, सुशांत, हरीश सहित पंचायत विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

