17-March-2020


Munaadi Breaking - शहर के कई धार्मिक आयोजन स्थगित, कोरोना को लेकर धार्मिक समितियों ने भी दिखाई गम्भीरता, कलेक्टर के अपील पर …….. पढ़िए पूरी खबर



रायगढ़ मुनादी।।

कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव के संबंध में कलेक्टर यशवंत कुमार ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शहर के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक समितियों तथा प्रतिनिधियों की बैठक ली। बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह भी मौजूद रहे। कलेक्टर यशवंत कुमार ने कोरोना वायरस के संबंध में राज्य शासन द्वारा जारी एडवाईजरी के अनुसार उपस्थित लोगों को जानकारी दी। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों के बारे में अवगत भी कराया।

कलेक्टर यशवंत कुमार ने कहा कि पूरे विश्व के विभिन्न हिस्सों में फैल रहे कोरोना वायरस को लेकर शासन-प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाये जा रहे है। स्कूल, कालेज, शैक्षणिक संस्थाओं, माल, सिनेमा घरों को 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है। शासन-प्रशासन के विभिन्न आयोजन व प्रशिक्षण के साथ-साथ साथ ही भीड़-भाड़ वाले अन्य आयोजनों को भी स्थगित किया जा रहा है। इसके साथ ही सभा, रैली, जुलूस, धरना प्रदर्शन को जनहित में 5 अप्रैल 2020 तक के लिए प्रतिबंधित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी व्यापक तैयारियां की गई है। जिला चिकित्सालय के अंतर्गत मातृ एवं शिशु अस्पताल, अपेक्स हास्पिटल, अशर्फी देवी हास्पिटल, जिंदल हास्पिटल, मेट्रो हास्पिटल में आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। जिला सर्वेलेंस इकाई का गठन किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायगढ़ जिला सीमावर्ती जिला है। जिसके लिए उड़ीसा की ओर से आने वाले यातायात की सतत् मॉनिटरिंग की जा रही है। लोगों से अपील है कि खुद जागरूक बनते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसके संबंध में जागरूक करें। किसी भी प्रकार की लक्षण या शंका होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या चिकित्सक से मिले। जिले के सभी चिकित्सकों को कोरोना के संबंध में आवश्यक ट्रेनिंग दी गई है। मेडिकल कालेज में सेम्पल कलेक्शन की सुविधा उपलब्ध है।
कलेक्टर यशवंत कुमार ने आगे बताया कि रायगढ़ जिले में कोई पाजीटिव केस नहीं है। किन्तु हमें पूरी सावधानी बरतनी होगी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाईजरी के अनुसार जीवन शैली अपनाते हुए पर्सनल हायजिन पर विशेष ध्यान देना होगा तथा रोग के संक्रमण तथा फैलाव की संभावनाओं को पूरी तरह खत्म करना होगा। कोरोना वायरस का फैलाव मुख्यत: मानव से मानव में स्पर्श के माध्यम से फैलता है। अत: भीड़ वाले आयोजन न किया जाना रोकथाम के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिसमें प्रशासन के साथ समाज के सभी वर्गो व आम जनता का सहयोग अपेक्षित है।

उन्होंने धार्मिक व सामाजिक प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि आगामी नवरात्र पर्व व अन्य धार्मिक उत्सवों में भीड़ भरे आयोजन न किये जाये। मुस्लिम समाज से कहा कि अलग-अलग पाली में नमाज पढऩे की व्यवस्था की जाए, जिससे एक साथ अधिक भीड़ इकटठी न हो। साथ ही धार्मिक स्थानों पर पानी व साबुन की व्यवस्था रखें व बैनर, फ्लैक्स व माईक के माध्यम से कोरोना वायरस के रोकथाम के संबंध में उन स्थानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार करें।

बैठक में बूढ़ी माई मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि मंदिर में पूजारी द्वारा परम्परागत तरीके से पूजा-अर्चना की जाएगी। लोग बारी-बारी बाहर से ही दर्शन कर सकेंगे। सांई सेवा समिति ने भंडारा स्थगित किया व सिंधी समाज द्वारा आयोजित चेण्ट्री चंड महोत्सव को भी स्थगित किया गया है। मानकेशरी मंदिर समिति के प्रतिनिधि ने कहा कि पूजारियों के द्वारा ही पूजा-अर्चना की जाएगी तथा वहां आयोजित पिकनिक तथा अन्य आयोजन को पूर्णत: स्थगित किया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम के सभापति जयंत ठेठवार, एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम आशीष देवांगन के साथ शहर के विभिन्न ट्रस्टों के साथ सामाजिक धार्मिक प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News