रायगढ़ मुनादी।।
जिले में कोरोना वायरस को लेकर प्रशासन ने अपनी मुस्तैदी बढ़ा दी है। निगम क्षेत्र स्थित तमाम कोचिंग सेंटर, फ़ूड स्टॉल, ठेलों पर पाबंदी लगा दी है वही विदेश से आये 43 लोगों की निगरानी की जा रही है। इसमें से 4 उद्योग से संबंधित हैं। सभी को होम आइसोलेशन में 28 दिन रखकर निगरानी किया जा रहा है। इनके लिए टीम भी बनाई गई है।
कोरोना वायरस से संक्रमण से बचने के लिए सरकार और प्रशासन लगातार सक्रिय है। किसी भी स्थिति से निपटने लगातार पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में इसके नोडल अधिकारी डॉ टीके टोंडर ने मुनादी को बताया कि मातृ शिशु अस्पताल को इस बीमारी के आइसोलेशन और ट्रीटमेंट के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। इसे अस्पताल में दूसरी बीमारी से ग्रस्त मरीजों को नहीं लिया जा रहा है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी आवश्यकता पड़ने पर जगह बनाई जा सकती है। कुल मिलाकर प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है।
वहीं नगर निगम ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कोचिंग, फ़ूड स्टॉल, चौपाटी, चाय दुकान को भी बंद करने के आदेश दिए हैं। उन सभी जगहों को बंद करने की कोशिश अब होगी जहां चार से अधिक लोग इकट्ठे होते हों, हालांकि व्यवहारिक तौर पर इतना कुछ संभव नहीं होगा फिरभी प्रशासन के द्वारा उठाये गए कदम इस रोग से बचाव के लिए ही है।

