जशपुर मुनादी।।
जशपुर में इन दिनों कुएं या हैण्डपम्प में जहर डालने के फैले अफवाह ने सभी की सांस रोक दी है और कई गांवों में इस अफवाह के चलते ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं।अफवाहों के गर्म बाजार को शांत करने के लिए पूलिस अधीक्षक जशपुर ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यह महज अफवाह है और ऐसी अफवाहों पर किसी को ध्यान देने की जरूरत नही है।जशपुर पूलिस अधीक्षक शंकर लाल बघेल ने मुनादी डॉट कॉम को दूरभाष पर बताया कि बीते कुछ दिनों से जिले में इस तरह के अफवाहों को हवा दी जा रही है जिसके चलते ग्रामीणों की नींद हराम हो गयी है लेकिन ग्रामीणों को ऐसे अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नही है पूलिस आमजनों की सुरक्षा के लिए कटिबद्ध है और इस तरह के किसी भी खतरे पर पूलिस बारीकी से नजर बनाए हुए है ।उन्होंने आगे कहा कि पूलिस ऐसे लोगों पर भी नजर बनाए हुए है जो इस तरह के अफवाहों को हवा देने में लगे हैं ।
एक हप्ते में 3 मामले
आपको बता दें कि अभी 2 दिन पहले दुलदुला में कुएं में जहर डालकर भागने की ऐसी अफवाह फैली की रात भर पुरा गाँव कथित रूप से जहर डालने वाले आदमी की रात भर तलाश करते रहे और पूलिस भी उन्हें ढूंढती रही । दुलदुला में अफवाह का दौर खत्म भी नही हुआ था कि कुनकुरी से सटे रायकेरा में भी ऐसी खबर आई और ग्रामीण इसके लिए बैठक पर बैठक कर रहे हैं।इससे पहले लोदाम के जड़तेला में भी ऐसी खबर आई थी और ग्रामीणों ने लोदाम बीएमओ को वकायदे पानी का सेम्पल भी सौंपा था लेकिन अभी तक इन मामलों का हकीकत से कोई तार जुड़ता हुआ नही दिख रहा है लिहाजा पूलिस इसे अफवाह मान रही है और इसके लिए अफवाहवाजो पर नजर रख रही है।
एक ही कहानी
एक सप्ताह के भीतर आये कुएं और बोरिंग में कथित रूप से जहर डालने के दो मामलों का अध्यन करने पर ज्ञात हुआ कि दोनो मामलों की कहानी एक जैसी है।लोदाम जड़तेला की बात करें तो यहां सुबह सुबह एक आदमी ने किसी को बोरिंग के पास कुछ करते हुए देखा और जब ग्रामीण उसका पीछा किये तो वह भागने में कामयाब हो गया।इसी तरह दुलदुला की भी घटना है कुछ इसी तरह है ।मंगलवार की रात करीब साढ़े 8 बजे नोनियतला बस्ती में ग्रामीणों ने एक कुएं में किसी आदमी को कुछ डालते देखा और कुएं से जहरीला बदबू आना शुरू हो गया और लोग आरोपी की तलाश में जुट गए।
लिंचिंग का खतरा
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया में बहस का दौर शुरू हो गया है और एक बड़ा तबका इस अफवाह को लेकर चिंतित दिख रहा है।इनका कहना है कि इस अफवाह के चलते जिले में लिंचिंग का खतरा बढ़ सकता है और किसी की जान जा सकती है ।इनका मानना है कि इस अफवाह को फैलाने के पीछे एक सोची समझी साजिश है ।

