प्रतापपुर मुनादी ।। मुकेश गोयल की रिपोर्ट
सूरजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मरावी ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मोबाइल पर चर्चा करते हुए क्षेत्र के हालात के बारे मे बताया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनसे मनरेगा सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली एवं उन्हें किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा सूचना के लिए जानकारी देने की बात कही।
प्रतापपुर बरपटिया निवासी व जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मरावी ने आज प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल से बात की। उन्होनें एक चर्चा में बताया कि आज सुबह 10 बजे उन्होनें अपने मोबाईल से एक मैसेज मुख्यमंत्रीजी के पुराने नंबर पर भेजते हुए अपना परिचय दिया व उनसे बातचीत करने का आग्रह किया। इस मैसेज के कुछ देर बाद ही प्रदेश के मुख्यमंत्रीजी का मोबाईल पर फ़ोन आ गया। उन्होनें उनसे क्षेत्र के हालात के बारे में जानकारी ली। इस पर उन्हें बताया गया कि यहां कोरोना संक्रमण का मामला नहीं है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे रोजगार के संबंध में जानकारी ली। जिसमें मनरेगा के बारे में उन्होनें बात की। उन्हें बताया गया कि यहां मनरेगा के कार्य नहीं हो रहे है तो उन्होनें इसके लिए कलेक्टर सूरजपुर से बात करने की बात कही। जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मरावी ने बताया कि उन्होनें अपना एक अन्य नंबर देते हुए क्षेत्र के हालात की लगातार जानकारी देने का भी निर्देश दिया। राजकुमारी मरावी ने बताया कि प्रदेश के मुखिया ने जिस सहजता से उनसे बात की उससे वे काफी उत्साहित है। उन्होंने कहा कि वे और उनके पति लगातार क्षेत्र का भ्रमण भी कर रहे है जिससे लोगों की स्थिति का पता चलते रहे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से चर्चा के दौरान उनके पति शिवभजन मरावी भी मौजूद थे।

