प्रतापपुर मुनादी ।। मुकेश गोयल की रिपोर्ट
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिवभजन मरावी ने लॉकडाउन के दौरान कीटनाशक से मृत एक युवक की मौत के बाद परिजन के आग्रह पर तत्काल चिकित्सक को गांव में ले जाकर शव का पोस्टमार्टम कराया। उनके इस सहयोग को लेकर ग्रामीण उनकी सराहना कर रहे है।
मामला ग्राम भेड़िया का है। आज सुबह ग्राम भेड़िया निवासी शिवनाथ अपने 22 वर्षीय पुत्र राजेश कुमार को साथ लेकर खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने गए हुए थे। मिली जानकारी के अनुसार छिड़काव के दौरान कीटनाशक के प्रभाव से राजेश अचेत हो गया व कुछ देर बाद उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना को लेकर राजेश के पिता शिवनाथ बदहवास हो गए। थोड़ी ही देर में सूचना के बाद गांव के लोग वहां एकत्र हुए। इस दौरान ग्राम सरपंच देवसाय व मृतक के परिजन ने इसकी जानकारी जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मरावी के प्रतिनिधि शिवभजन मरावी को दी। शिवभजन मरावी ने मोबाईल से ही पूरी जानकारी ली। परिजन ने बताया कि इसकी सूचना संबंधित थाना में दे दी गई ही परंतु शव का पोस्टमार्टम कराना पड़ेगा। ऐसे हालात में कोई भी चिकित्सक गांव में आने के लिए तैयार नहीं है और लॉकडाउन के दौरान वाहन की व्यवस्था नहीं होने से शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाना संभव नहीं है। इस बात पर शिवभजन मरावी तत्काल डॉ विजय को भेड़िया गांव ले गए और शव का पोस्टमार्टम कराया।पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि के प्रयासों की सराहना भी की।

