प्रतापपुर मुनादी ।। मुकेश गोयल की रिपोर्ट
जजावल में कल देर रात आये प्रवासी मजदूरों को जजावल के दो छात्रावास में ठहराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सभी मजदूर झारखंड के पलामू जिले के आसपास के है। जिन्हें प्रदेश के राजनांदगांव क्षेत्र से लाये जाने की जानकारी मिली है। फिलहाल इन मजदूरों को लॉकडाउन अवधि तक यही पर रखे जाने की व्यवस्था करने की भी जानकारी मिल रही है।
लॉकडाउन के कारण अलग-अलग प्रदेश के प्रवासी मजदूर के छत्तीसगढ़ में फंसे होने के मद्देनजर शासन उनके समुचित रख रखाव की व्यवस्था करने का प्रयास कर रहा है। कल रात प्रतापपुर नगर से चार बसों के माध्यम से लोगों को चंदौरा की ओर ले जाने की चर्चा कल रात से नगर में सुर्खियों में आ गई थी। इस बीच प्रतापपुर से 20 किमी दूर जंगल के किनारे जजावल में कुछ मजदूरों की व्यवस्था किये जाने की बात भी वहां के ग्रामीणों के बीच तेजी से फैलने लगी थी। कल रात में 11 बजे अचानक 100 से ऊपर मजदूरों को जजावल कैम्प में छोड़े जाने से मामला स्पष्ट हो गया। कल रात इन मजदूरों को वहां स्थित प्री मेट्रिक व बालक छात्रावास में पूरी व्यवस्था करते हुए ठहराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार ये सभी प्रवासी मजदूर राजनांदगांव क्षेत्र में कार्य कर रहे थे। जो झारखंड के पलामू जिले के आसपास के रहने वाले है। इस संबंध में यह भी जानकारी मिली है कि अभी सभी मजदूरों को लॉकडाउन की अवधि तक यहीं रखे जाने की योजना है।

