रायपुर मुनादी।।
पूरे देश में लॉक डाउन है और प्रदेश भी इससे अछूता नहीं है। सबसे ज्यादा समस्या उन्हें है जिनकी आजीविका दैनिक मजदूरी पर आश्रित थी। राज्य सरकार द्वारा इनकी व्यवस्था और बीमारी की रोकथाम के लिए लोगों से उन्मुक्त होकर दान देने की अपील की थी। इसी अपील पर केंद्रीय जेल रायपुर के बंदियों ने भी लोगों को मदद करने मुख्यमंत्री सहायता कोष में अपने परिश्रम का पैसा दान दिया है।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए प्रशासन, स्वयंसेवी संस्थाएं, संगठन और सेवाभावी व्यक्ति के साथ-साथ केंद्रीय जेल रायपुर के 406 बंदियों ने भी सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने कलेक्टर रायपुर को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि बंदियों ने अर्जित पारिश्रमिक एक लाख 79 हजार 858 रुपए मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिया है। उन्होंने कलेक्टर को इस राशि का चेक भी पत्र के साथ सौंपा है।
बंदियों द्वारा किया गया यह कार्य समाज के सामने बेहतर उदाहरण है और यह बताता है कि जब देश संकट का सामना कर रहा हो तब पूरा देश एकजुट होकर उसका सामना करता है और समाज के लोगों के लिए आगे आकर सहयोग का हाथ बढ़ाता है।

