27-April-2020


वार्डों में सेनेटाइजर का छिड़काव नहीं, नाराज भाजपा पार्षदों ने नगर निगम व आयुक्त बंगले पर किया सेनेटाइजर का छिड़काव, अब महापौर और सभापति के ……… .. पढ़िए पूरी खबर



रायगढ मुनादी।।

भाजपा पार्षदों ने सोमवार को नगर निगम कार्यालय सहित निगम आयुक्त का बंगला सेनेटाइज कर अपना विरोध दर्ज किया है। उनकी मांग है कि शहर के सभी वार्डों को सेनेटाइज किया जाय। उनकी अगली योजना महापौर और सभापति का घर सेनेटाइज करने की भी है। इससे पहले वो उन सभी वार्डो को सेनेटाइज करने की है जिसकी सुध नगर निगम ने अब तक नही ली है। इसके लिए भाजपा पार्षदों ने जुगाड़ टेक्नॉलाजी से स्वयम एक सेनेटाइजर वाहन तैयार किया है जो जनरेटर से कनेक्ट है और प्रेशर मशीन के जरिये छिड़काव करता है।

लॉक डाउन के बाद से ही यह अपेक्षा की जा रही थी कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए महापौर, सभापति या आयुक्त शहर के सभी वार्डो में सेनेटाइज करने की व्यवस्था करेंगे पर नगर निगम ने अधिकांश वार्डो की ओर झांकना भी पसंद नही किया। ऐसे में भाजपा पार्षद अशोक यादव और राघवन सिंह ने खुद ही एक काम चलाऊ मशीन तैयार की और अपने - अपने वार्ड को एनेथाल और ब्लीचिंग पावडर के घोल से सेनेटाइज किया। जिला मंत्री आशीष ताम्रकार ने इसी से छोटे अतरमुडा को सेनेटाइज किया। अखबारों में इस आशय के समाचार छपने के बावजूद जब निगम प्रशासन सहित महापौर और सभापति की नींद नहीं खुली तो जिला भाजपाध्यक्ष उमेश अग्रवाल मंत्री आशीष ताम्रकार एवं पार्षदों ने आपस में चर्चा कर खुद ही बीस से अधिक वार्डो को सेनेटाइज करने का कार्यक्रम बनाया और कल जिला भाजपा कार्यालय से इसकी शुरुआत की।इस दौरान भाजपा के समस्त पार्षद 4 - 4 के ग्रुप में अलग अलग स्थान पर उपस्थित हो धारा 144 का पालन किया।

वरिष्ठ पार्षद और पूर्व सभापति सुभाष पांडेय ने बताया कि नगर निगम के आयुक्त, महापौर, सभापति के द्वारा निरंतर शहर के अधिकांश वार्डो की उपेक्षा के फलस्वरूप आज भारतीय जनता पार्टी के नगर निगम के पार्षद गणों के द्वारा नगर निगम क्षेत्रो में उन वार्डो में जहां निगम के द्वारा सेनेटाइज का कार्य नहीं किया गया अथवा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी जहां लोगो की आवाजाही है ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर संक्रमण के रोकथाम हेतु भारतीय जनता पार्टी स्वयम के संसाधन से सेनेटाइज का विकल्प तैयार कर के आज प्रातः गांधी प्रतिमा से रामनिवास टाकीज मार्ग में प्रत्येक मकानों और घरों का सेनेटाइज कार्य किया गया। तथा नगर निगम कार्यालय टाउन हॉल को सेनेटाइज किया गया। आयुक्त के आवास को भी सेनेटाइज करने की प्रक्रिया पूरी की गई। ऐसे सभी स्थानों और लगभग बीस वार्डो को सेनेटाइज करने का भाजपा पार्षदों ने संकल्प लिया है जो पूरा किया जाएगा।

इन भाजपा पार्षदों में सुभाष पांडेय सहित कोशलेष मिश्रा, अशोक यादव, दीपेश सोलंकी, राघवन सिंह, महेश कंकरवाल, नारायण पटेल, महेश शुक्ला, नब्बू अहमद, खुलू सारथी, श्रीमती ईशा कृपा तिर्की, पदुम लाल प्रजा, रंजू संजय शामिल है।

पार्षद अशोक यादव ने बताया कि वार्ड क्रमांक एक, दो , तीन, पांच, छह, तेरह, सोलह, उन्नीस, इक्कीस, बाइस , तेईस,पच्चीस ,छब्बीस, इकत्तीस, तैतीस, चौतीस, सैतीस, अड़तीस, उनतालीस , चालीस, बयालीस, तिरालीस, चौवालीस, पैतालीस, छियालीस, सैतालिस और अड़तालीस नम्बर के वार्ड को सेनेटाइज करने की योजना है जहां नगर निगम ने सेनेटाइज करने में कोई दिलचस्पी नही दिखाई।

पार्षद सुनीता महेश शुक्ला ने कहा कि फ़ोटो खिचाऊ योजना संचालित कर निगम प्रशासन कुम्भकर्णी निंद्रा में चला गया है ऐसे में जन प्रतिनिधि होने के नाते वो खुद के संसाधनों से वार्डो को सेनेटाइज कर रहे है। पार्षद राघवन सिंह ने कहा कि आज गांघी प्रतिमा के आस पास सेनेटाइज करने के बाद रामनिवास टाकीज रॉड मुख्य मार्ग होते हुवे निगम परिसर और कमिश्नर आवास को सेनेटाइज कार्य किया गया है जो जरूरतमंद सभी वार्डो में किया जाएगा।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News