
प्रतापपुर मुनादी।। जजावल राहत शिविर में एक मजदूर में कोरोना पॉजिटिव आने पर कलेक्टर दीपक सोनी ने जजावल में आवश्यक कानून व्यवस्था को बनाये रखने के लिए भैयाथान व ओड़गी के तहसीलदार को यहां तत्काल प्रभाव से डयूटी लगा दी है।
ज्ञात हो कि झारखंड के 97 मजदूरों को सूरजपुर जिले के जजावल ग्राम में कुछ दिनों पूर्व आश्रय दिया गया था। जहां इन्हें क़्वारेंटाइन में रखा गया था। आज यहां मौजूद एक मजदूर में टेस्ट के उपरांत कोरोना का संक्रमण पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी होते ही कलेक्टर सूरजपुर दीपक सोनी सहित पूरा प्रशासनिक अमला यहां पहुंच गया है। यहां पर कैम्प में मौजूद सभी मजदूरों का परीक्षण करने के लिए सैंपल लिए जाने की जानकारी मिल रही है। इसी दौरान इस क्षेत्र में आवश्यक कानून व्यवस्था बनाने के लिए कलेक्टर दीपक सोनी ने भैयाथान तहसीलदार प्रतीक जायसवाल व ओड़गी तहसीलदार अमित केरकेट्टा की ड्यूटी यहां लगाई है।

