रायगढ़ मुनादी।। बुधवार की शाम बाड़ी तरफ घुमने गए ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। मामले की जानकारी के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक घरघोड़ा रेंज के अंतर्गत आने वाले ग्राम पानीखेत में कल शाम महेत्तर राठिया 55 साल कल शाम 6 बजे के आसपास अपने खेत की तरफ घुमने गया हुआ था इस बीच जंगल से निकलकर गांव के करीब पहुंचे एक दंतैल हाथी ने उस पर हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हाथी के हमले से बुजर्ग के हाथ, पैर के अलावा शरीर में गंभीर चोट लगने पर परिजनों ने उसे घरघोड़ा अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया था जहां प्रारंभिक उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई।
विदित रहे कि तीन दिन पहले जहां लैलंूगा क्षेत्र में भी जंगली हाथी ने घर के बाहर सो रही दो महिलाओं को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया था वहीं एक ग्रामीण घायल हुआ था। इस घटा के अगले ही दिन घरघोड़ा रेंज में पानी में डूबकर एक हाथी शावक की मौत हो गई थी। जिसके बाद से वन विभाग की टीम के द्वारा हाथियों के दल निगरानी रखी जा रही थी।
इस संबंध में घरघोड़ा रेंजर चंद्र कुमार राठिया ने बताया कि हाथी के हमले से बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों को तत्कालिक सहायता राशि देते हुए हाथियों के दल पर निगरानी बरती जा रही है। साथ ही गांव के ग्रामीणों को किसी भी काम के सिलसिले में जंगल नही जाने की हिदायत दी जा रही है।