06-April-2020


मुनादी ब्रेकिंग:- किसानों का सहयोग रहा तो सभी किसानों का खरीदेंगे गन्ना.....मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव ने प्रबंधन के साथ बनाई रणनीति.......



प्रतापपुर मुनादी।।


मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में आज से आरम्भ होने वाली गन्ने की खरीदी के लिए मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव ने जिले से नियुक्त नोडल अधिकारी व संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी से चर्चा करते हुए खरीदी की रणनीति बनाई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य निर्देशों के परिपालन में धरमपुर व खड़गवां में अतिरिक्त वाहनों को रोकने की व्यवस्था के साथ गन्ने की पर्ची के साथ क्षेत्र के किसानों से सहयोग की अपील भी की गई है।

अचानक हुए लॉकडाउन से प्रभावित संभाग के एकमात्र शक्कर उद्योग मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना केरता में आज से द्वितीय चरण की खरीदी आरम्भ हो रही है। इससे पूर्व लॉकडाउन होने से सम्पूर्ण 8 विकासखंड के 40 फीसदी गन्ना किसानों के समक्ष आजीविका का संकट आ गया था, इसी के मद्देनजर गन्ने की एक ही सत्र में दूसरी मर्तबा खरीदी आरम्भ की गई है। इस खरीदी से पूर्व ही प्रबंधन की लापरवाही से नाराज जिला कलेक्टर दीपक सोनी ने नोडल अधिकारी के तौर पर संयुक्त कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी को नियुक्त कर जिला प्रशासन की निगरानी में खरीदी आरम्भ कराने का आदेश जारी किया है। गन्ने की दोबारा खरीदी में किसी भी अव्यवस्था से किसानों को सामना न करना पड़े, इसको देखते हुए प्रदेश के स्कूल शिक्षा व सहकारिता मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह के निर्देश पर मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव कारखाना पहुंचे। यहां पर कारखाना प्रबंधन के साथ नियुक्त नोडल अधिकारी शिवकुमार बनर्जी से इस बारे विस्तार से चर्चा हुई।

इस दौरान किस किसान का गन्ना प्राथमिकता में खरीदा जाए व आगे कारखाना परिसर में ज्यादा भीड़ एकत्र न हो इसके लिए रणनीति बनाई गई। इस दौरान निर्णय लिया गया कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सोशल डिस्टेनसिंग के साथ अन्य दिशा निर्देश का पालन करते हुए सीमित गन्ना पर्चियों का वितरण किया जावे। किसी भी स्थिति में भीड़ बढ़ने की संभावना पर खड़गवां, धरमपुर में बैरियर लगाते हुए स्कूल खेल मैदान में अतिरिक्त वाहनों को रोकने की व्यवस्था भी की जाए। एक चर्चा में मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव ने गन्ना किसानों से अपील की कि वे नियमानुसार गन्ने की पर्ची के बाद ही गन्ना कारखाना में लेकर आये, ताकि अव्यवस्था न फैले। उन्होनें किसानों को भरोसा दिलाया है कि व्यवस्थित ढंग से यदि किसानों का सहयोग मिला तो सभी किसानों का गन्ना कारखाना खरीद लेगा। उन्होनें कहा कि आज से गन्ना खरीदी के लिए विस्तार से रणनीति बना ली गई है।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News