प्रतापपुर मुनादी।।मुकेश गोयल की खास रिपोर्ट
प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह के निर्देश पर मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में गन्ना लेकर पहुंचने वाले किसानों के लिए भोजन की मुफ्त व्यवस्था की गई है। आज दोपहर में आरम्भ इस नि:शुल्क भोजनालय में मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव, अध्यक्ष विद्यासागर सिंह, नोडल अधिकारी शिव बनर्जी सहित प्रबंधन के लोगों ने जायजा लिया व भोजन भी किया।

कोरोना संक्रमण के दौरान किसानों के समक्ष आजीविका के संकट को देखते हुए शक्कर कारखाना को 6 अप्रैल से दोबारा आरंभ किया गया है। इस दौरान किसान गन्ना लेकर कारखाना में आने तो लगे, परंतु प्रशासन के निर्देशानुसार किसी भी होटल व दुकान न खुली होने से उनके सामने भोजन की समस्या आने लगी। इसकी जानकारी क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह को होने पर उन्होनें इसके लिए अपने प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव को तत्काल व्यवस्था बनाने का निर्देश दिया। इस निर्देश के बाद आज कुमार सिंहदेव के प्रयास से कारखाना परिसर में निःशुल्क भोजनालय की व्यवस्था आरम्भ की गई।
आज इसका शुभारंभ करते हुए मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव, कारखाना के नोडल अधिकारी व संयुक्त कलेक्टर शिव बनर्जी, अध्यक्ष विद्यासागर सिंह, जीएम वीके उईके, कृष्णा गुप्ता, कंवल यादव, घूरन राम ने स्वयं भोजन किया। इसके बाद कारखाना में मौजूद किसानो को भोजन कराया गया। मंत्री प्रतिनिधि व एआईएसएफ दिल्ली के प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान होटल आदि बंद होने से कारखाना में गन्ना लाने वाले किसानों के समक्ष भोजन को लेकर समस्या आ रही थी, उसी की जानकारी होने पर मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह के निर्देश पर निःशुल्क भोजन की व्यवस्था आरम्भ की गई है, जिसमें उनके साथ एसईसीएल प्रबंधन, कारखाना प्रबंधन से सहयोग लिया जा रहा है, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि इस भोजनालय को संचालित करने के लिए कोई अपना सहयोग देना चाहे तो वे उनके संपर्क कर सकते है। उन्होनें यह भी जानकारी दी कि यह निःशुल्क भोजन की व्यवस्था कारखाना बन्द होने से पूर्व तक रहेगी। उन्होनें बताया कि इसके लिए यहां के व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया है कि वे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ इसके लिए जारी निर्देश का पालन करे। इधर इस निःशुल्क भोजन की व्यवस्था से क्षेत्र से आने वाले किसान इसकी काफी सराहना कर रहे है। इस भोजनालय में सहयोग करने के लिए मंत्री प्रतिनिधि कुमार सिंहदेव का मोबाईल नंबर 9009938850 जारी किया गया है। इस भोजनालय का संचालन कृष्णा गुप्ता, कंवल साय व उनकी टीम के द्वारा किया जा रहा है।

