जशपुर मुनादी।।
कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने आज मनोरा विकासखंड के दूरस्थ अंचल आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र बहेरना, आस्ता, इरई, कांची, हर्री, गजमा के उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया और लोगों को दी जानी वाली राशन सामग्री के बारे में ग्राम वासियों से जानकारी ली। उन्होंने आस्ता के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का अवलोकन करके स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर क्षीरसागर ने कोरोना वायरस संक्रमण के रोकथाम एवं बचाव के संबंध में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामवासियों से रूबरू होकर समय पे राशन मिल रहा है कि नहीं इस संबंध में जानकारी ली। ग्रामवासियों ने कलेक्टर को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा उन्हें दो माह का राशन उचित मूल्य दुकान के माध्यम से नियमित मिल रहा है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पीडीएस दुकानों के भण्डारण का एवं लोगों को प्रदाय की जा रही राशन का सही वितरण को देखकर संतुष्टि जाहिर की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिले में लागू 144 धारा के परिपालन में भी जानकारी ली और लोगों को इसका शत् प्रतिशत् पालन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम श्री योगेन्द्र श्रीवास, तसीलदार विकास जिंदल, जनपद सीईओ अनिल कुमार तिवारी उपस्थित थे।

