प्रतापपुर मुनादी।।
महामारी कोरोना के खिलाफ चल रही जंग के बीच सूरजपुर पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले एक आरोपी से 2 किलो 184 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त कर उसके विरूद्व धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक ने मादक पदार्थ गांजा के विरूद्ध की गई इस कार्यवाही पर पुलिस टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बुधवार 08 अप्रैल 2020 को थाना प्रभारी प्रतापपुर विकेश तिवारी को मुखबीर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति झोला में गांजा रखकर बिक्री करने के लिए मायापुर क्रेशर के पास रोड़ किनारे सरई पेड़ के नीचे खड़ा है और ग्राहक की तलाश कर रहा है। जिसकी सूचना से पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री राजेश कुकरेजा को अवगत कराए जाने पर उन्होंने पूर्ण सतर्कता के साथ तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रतापपुर विकेश तिवारी पुलिस टीम के साथ मुखबीर सूचना की तस्दीकी व कार्यवाही हेतु मायापुर क्रेशर के पास जैसे पहुंचे तभी पुलिस को देखकर रोड़ किनारे सरई पेड़ के नीचे खड़ा व्यक्ति भागने लगा जिसे पुलिस टीम ने दौड़कर घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उस व्यक्ति ने अपना नाम मनोज चौबे पिता ठाकुर प्रसाद उम्र 28 वर्ष ग्राम सेमई कोड़ाकूपारा, थाना प्रतापपुर का रहने वाला बताया जिसके कब्जे से एक झोले में 2 किलो 184 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमत 8 हजार रूपये का पाए जाने पर जप्त करते हुए धारा 20बी एनडीपीएस एक्ट के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया। पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि गांजा को बगीचा के एक व्यक्ति से लाकर स्वयं भी उपयोग करता था और आसपास क्षेत्र के नशेड़ियों को अधिक दर पर बिक्री कर लाभ अर्जित करता था।
कोरोना संकट के बीच लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने, बाहरी व्यक्ति के आने-जाने की निगरानी, कानून व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न स्थानों व चौक-चौहारो पर सजगता व पूर्ण निष्ठा के साथ ड्यूटी करने के साथ ही अवैध मादक पदार्थ गांजा के विरूद्ध की गई इस कार्यवाही पर पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रतापपुर की पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु नगद ईनाम देने की घोषणा की है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर विकेश तिवारी, प्रधान आरक्षक संतोष सिंह, आरक्षक अभय तिवारी, इन्द्रजीत सिंह, हरिचंद दास, प्रवीण सिंह, निरंजन एक्का व महिला नगर सैनिक विमला नायक सक्रिय रहे।

