09-April-2020


मुनादी ब्रेकिंग:- डेढ़ माह बाद अचानक नजर आया प्यारे....वन विभाग सकते में...किसी अनहोनी की आशंका पर लगातार रखी जा रही है नजर खबर के लिए पढ़िए



प्रतापपुर मुनादी।। मुकेश गोयल की रिपोर्ट
आसपास के कई रेंज में दहशत फैलाने वाला प्यारे हाथी डेढ़ माह बाद फिर वन अमले को नजर आया है। डेढ़ माह बाद इस आक्रामक हाथी की क्षेत्र में मौजूदगी से विभाग सकते में है। अब ऐसा भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि चार दिन पूर्व ग्राम कोटया के जंगल में महिला पर आक्रमण कर मारने वाला हाथी प्यारे हो सकता है। इसके यहां तक पहुंचने के सभी प्रमाण विभाग को मिल चुके है।

दहशत का पर्याय बना प्यारे हाथी डेढ़ माह बाद अचानक प्रतापपुर रेंज में अपनी दस्तक दे चुका है। इस नर दंतैल की उपस्थिति से विभाग इसलिए सकते में है कि इस अकेले हाथी ने अपने विचरण क्षेत्र में कई ग्रामीणों को कुचलकर मार डाला है। स्वभाव से बेहद आक्रामक यह दंतैल हाथी इंसानों को देखते ही उस ओर तेजी से हमला करता है। अभी तक वन अमला इसको लेकर काफी निश्चिंत था। चार दिन पूर्व ग्राम कोटया में महुआ बीनने गई एक महिला को हाथी द्वारा मारे जाने की घटना पर विभाग इसी क्षेत्र में भ्रमण कर रहे एक अन्य दंतैल को इसके लिए जिम्मेदार मान रहे थे, लेकिन अचानक दो-तीन दिन पूर्व 15 हाथियों के दल में इसके शामिल होने की जानकारी मिली तो विभाग इसकी तहकीकात में जुट गया। मिली जानकारी के अनुसार अभी सोनगरा बीट के कक्ष क्रमांक पी-1685 व 1686 में 15 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जो इसके पूर्व जजावल-खरसोता के मध्य जंगल में विचरण कर रहा था। यह गजदल एक सप्ताह पूर्व घाट-पेंडारी से होते हुए कोटया, धरमपुर क्षेत्र में पहुंचा था।

विभाग को मिली जानकारी के अनुसार इस गजदल के अलावा कनकनगर, टुकुडांड़ में एक दंतैल हाथी दो अन्य हाथियों के साथ भ्रमण कर रहा है, जिसमें बहरादेव भी शामिल है। उसी दौरान ग्राम कोटया में महिला को मारे जाने पर विभाग इसमे किसी अन्य दंतैल हाथी की आशंका व्यक्त कर रहा था,परंतु दूसरी रात 15 हाथी के झुंड में प्यारे हाथी को देख विभाग के होश उड़ गए। उन्होनें इसकी सूचना विभाग के अधिकारियों को देते हुए इसपर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी। अब विभाग इस आक्रामक हाथी पर लगातार नजर रखे हुए है। इसकी मौजूदगी पर विभाग इसके आसपास के क्षेत्र में ग्रामीणों को सचेत करने में लग गया है। वही विभाग को यह भी जानकारी की प्यारे हाथी इसके पूर्व घाट के नीचे विचरण कर रहा था, जो चार-पांच दिन पूर्व ही रेंज में प्रवेश किया है। इसके अलावा बहरादेव कनकनगर, गणेशपुर क्षेत्र में अकेले विचरण कर रहा है, जबकि साथ में अन्य दो हाथी घुई रेंज में चले गए है। विभाग के अनुसार प्यारे अभी 15 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा है, यह कभी भी दल से अलग होकर कोई घटना को अंजाम दे सकता है, इसलिए विभाग इसपर पूरी नजर रखे हुए है।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News