प्रतापपुर मुनादी।। मुकेश गोयल की रिपोर्ट
10 मार्च के बाद देश के सात हॉटस्पॉट शहरों से आये 143 नागरिकों के घर के आसपास के 20-20 घरों में स्वास्थ्य विभाग ने आज सघन सर्वे किया। मिली जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य अमला बाहर से आये नागरिकों को क्वारेंटाइन में तो रखे हुए है, लेकिन नागरिक के घर के आसपास के 20 घरों में कोरोना के संक्रमण की विस्तृत जानकारी इकट्ठा करने के पीछे अतिरिक्त सावधानी मानी जा रही है।
प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण की जानकारी को लेकर किसी भी प्रकार की कोर-कसर नहीं छोड़ना चाह रही है। प्रदेश में संक्रमण को लेकर बाहर से आने वाले नागरिकों को स्वास्थ्य अमले ने पहले सभी को क्वारेंटाइन में रखते हुए लगातार निगरानी रखते हुए इसके डाटा इकट्ठे कर रही थी। इसमें अभी तक सम्पूर्ण विकासखंड से 769 लोगों को एहतियातन क्वारेंटाइन में रखा गया है। इसमें राहत देने वाली बात यह है कि इसमें से 95 लोगों ने अपना क्वारेंटाइन अवधि को पूर्ण कर लिया है, जिनकी स्थिति सामान्य है। जबकि शेष 674 लोग अभी क्वारेंटाइन में है, जिनमें अभी तक कोरोना संक्रमण के लक्षण परिलक्षित नहीं हुए है।
अब प्रदेश सरकार के निर्देश पर देश में कोरोना हॉटस्पॉट शहर माने जाने वाले पुणे, मुम्बई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, केरल व कोलकाता से 10 मार्च को आने वाले नागरिकों पर स्वास्थ्य अमला विशेष नजर रखे हुए है, हालांकि इन लोगों को पहले ही विभाग क्वारेंटाइन में रखे हुए है, लेकिन अब इनके घर के आसपास के 20 घरों में भी स्वास्थ्य अमला जाकर उनकी पूरी पड़ताल कर रहा है। विभाग इन घरों के सदस्यों के स्वास्थ्य संबंधित पूरे आंकड़े इकट्ठा करते हुए उच्चधिकारियों को इसकी जानकारी भेज रहा है। पूरे प्रतापपुर क्षेत्र में इस तरह के 143 नागरिकों के घरों के आसपास के आंकड़े गुरुवार को इकट्ठे किये गए। एक चर्चा में बीएमओ डॉ राजेश श्रेष्ठ ने बताया कि प्रदेश सरकार का यह कदम अतिरिक्त सुरक्षा के मद्देनजर उठाया जा रहा है। विभाग कोरोना संक्रमण को लेकर किसी भी प्रकार की चूक नही करना चाहता है। आज सभी 143 नागरिकों के घर के आसपास के आंकड़े आ गए है। यह एहतियातन उठाया हुआ कदम है, जिससे किसी को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

