प्रतापपुर मुनादी ।।
नगर पंचायत प्रतापपुर से ट्रांसफर किये गए पूर्व सीएमओ राजेश कुशवाहा को आज नए संशोधित आदेश में पुनः प्रतापपुर नगर पंचायत का सीएमओ हेतु आदेशित कर दिया गया है। उक्त संशोधित आदेश क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह की अनुशंसा पर किया गया है।
ज्ञात हो कि 7 अप्रैल को नगरीय प्रशासन व विकास विभाग रायपुर से जारी आदेश में प्रतापपुर नगर पंचायत के सीएमओ राजेश कुशवाहा को प्रतापपुर से स्थानांतरित करते हुए बिश्रामपुर नगर पंचायत कर दिया गया था। इस आदेश के बाद नगर के ज्यादातर पार्षदों ने सीएमओ राजेश कुशवाहा के कार्य के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह को पत्र प्रेषित किया था। इस पत्र के बाद मंत्री डॉ प्रेमसाय सिंह ने नगरीय निकाय मंत्री शिव डहेरिया को पत्र प्रेषित कर सीएमओ को प्रतापपुर में ही रखे जाने की अनुशंसा की थी। इसी अनुशंसा पर आज नगरीय निकाय प्रशासन व विकास विभाग रायपुर से जारी संशोधित आदेश में राजेश कुशवाहा को पुनः प्रतापपुर नगर पंचायत में सीएमओ पद पर पदस्थ होने का आदेश जारी कर दिया है।


