प्रतापपुर मुनादी ।।
लॉकडाउन का पालन कराने के लिए प्रतापपुर मुख्यालय से चंद किमी दूर स्थित एक गांव में अब बाहर से आये लोगों को प्रवेश करने पर 501 रुपये जुर्माना के साथ मारपीट भी की जाएगी। इस प्रकार का बोर्ड लगाकर गांव के एक शिक्षक के साथ पहरा कर रहे है गांव के लोग। जानकारी होने पर एसडीएम सीएस पैकरा ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है।
प्रतापपुर मुख्यालय से 4 किमी दूर स्थित ग्राम बैकोना में लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए ग्रामवासी गांव के प्रवेश स्थल पर बांस की बेरिकेटिंग करते हुए इसमें बाहर से आने वाले लोगों पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया है। इसका कड़ाई से पालन कराने के लिए ग्रामवासी न केवल यहां पहरा दे रहे है, बल्कि वे इसका उल्लंघन करने वाले बाहरी लोगों पर 501 रुपये जुर्माना के साथ मारपीट तक की धमकी देते हुए कागज चस्पा कर दिया है। आज इसकी जानकारी होने पर एसडीएम सीएस पैकरा ने इसकी तहकीकात कराई व इसमें वहां के ही निवासी शिक्षक संजय चतुर्वेदी को इसके लिए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया।
एसडीएम कार्यालय से जारी इस नोटिस के अनुसार गांव में कोरोना संक्रमण को लेकर गांव में जन जागरूकता का प्रसार करने के निर्देश दिए गए थे, जबकि संबंधित शिक्षक ने इसमें ग्रामीणों के मध्य भ्रम फैलाने का प्रयास किया। एक चर्चा में एसडीएम सीएस पैकरा ने बताया कि संबंधित शिक्षक को सिविल सेवा आचरण अधिनियम 1965 के उल्लंघन के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है, जिसके लिए उसे जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इसकी प्रतिलिपि जिला कलेक्टर सहित जिले शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित कर दी गई है। इधर थाना प्रभारी विकेश तिवारी को इसकी जानकारी होने पर उन्होंने तत्काल पुलिस बल ग्राम बैकोना कि ओर रवाना कर दिया है।

