विश्रामपुर मुनादी।। राजकिशोर की खास रिपोर्ट
कोरोना संकट से लोगो को सुरक्षित रखने के लिए जहां जिले भर में कई प्रकार के उपाय युद्ध स्तर पर किए जा रहे हैं, वहीं नगर पंचायत बिश्रामपुर वार्ड में सेनिटाइजेशन के नाम पर लोगों को ठगने का काम कर रहा है। सेनिटाइजेशन मशीन में केमिकल, ब्लीचिंग पाउडर की जगह वाटर एटीएम के पानी से छिडक़ाव कराया जा रहा है।
इस बात का खुलासा तब हुआ जब सूरजपुर जिले के बिश्रापुर नगर पंचायत के कर्मचारी वार्ड क्रमांक 14 में सेनिटाइजेशन करने पहुंचे। इस दौरान जब पार्षद कीर्ति दुबे के पति सुधीर दुबे द्वारा पूछा गया कि मशीन में कौन-कौन सा केमिकल है, तो कर्मचारी बगले झांकने लगे। इस पर पार्षद पति सुधीर दुबे को कुछ शंका हुई तब उसने मशीन को खुलवा कर देखा तो ना किसी केमिकल और न ही ब्लीचिंग की खुशबू आ रही थी। तब पार्षद पति मशीन से पानी को निकालकर आधा गिलास पंचायत कर्मियों के सामने पी गया। पार्षद पति ने बताया कि नगर पंचायत सेनिटाइजेशन के नाम पर फर्जीवाड़ा करने के उद्देश्य से नगरवासियों को ठगने का काम कर रहा है, पानी से छिडक़ाव कराकर सेनिटाइजेशन के नाम पर लाखों का बिल पारित किया जाएगा।
मशीन घर में रखा लेकिन कर्मचारी लेकर हो गए फरार।
पार्षद पति ने छिडक़ाव करने पहुंचे पंचायत कर्मियों से मशीन को लेकर घर के परिसर में रख लिया, फिर अंदर चला गया, इसी दौरान मौका पाकर कर्मचारी मशीन लेकर भाग गए। नगर पंचायत की इस अमानवीय हरकत को लेकर नगरवासियों में काफी नाराजगी है।
मामले की शिकायत कलेक्टर से।
सेनिटाइजेशन के नाम पर पानी छिडक़ाव के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामले की शिकायत वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद अंशुल बजेठा, सांसद प्रतिनिधि दुर्गा गुप्ता व भाजपा मंडल अध्यक्ष राघवेंद्र दुबे ने कलेक्टर व एसडीएम से ऑनलाइन कर कार्रवाई की मांग की है।

