रायपुर मुनादी// राजस्थान के कोटा में छत्तीसगढ़ के छात्रों के फंसे होने की खबरों के बीच कर्नाटक के शिमोगा जिले में रायपुर के जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में कक्षा 9 वीं के लगभग 24 छात्रों की फंसे होने की जानकारी सामने आ रही है। छात्रों को क्षेत्रीय भाषा सीखने के लिए कर्नाटक भेजा गया था।
फंसे हुए छात्रों के परिजनों के अनुसार, 24 छात्रों में से 16 स्कूली बच्चे बलौदा बाजार से, पांच रायपुर से और तीन गरियाबंद जिलों से कर्नाटक गए थे। माता-पिता की शिकायत है कि छात्र नाबालिग हैं और उनके लिए खुद की देखभाल करना मुश्किल है और उन्हें जल्द से जल्द वापस लाया जाना चाहिए।
जेएनवी रायपुर के प्रधानाचार्य उमा प्रसन्ना पाणी ने बताया कि छात्रों की वापसी की व्यवस्था करने के लिए केंद्रीय स्तर की जेएनवी समिति के आयुक्त, मानव संसाधन विकास मंत्रालय और रेलवे के संपर्क में हैं।
वहीं रायपुर कलेक्टर डॉ एस भारतदासन ने कहा कि रायपुर में नवोदय विद्यालय के बच्चों को जल्द से जल्द वापस लाने के लिए केंद्रीय स्तर पर व्यवस्था की जा रही है।

