प्रतापपुर मुनादी ।।
लॉकडाउन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चे, गर्भवती एवं शिशुवती महिलाएं पूरक पोषण आहार से वंचित न हो इसके लिए शासन के निर्देशानुसार प्रतापपुर ब्लॉक की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका द्वारा उनके घरों में जाकर पूरक पोषण आहार का वितरण किया जा रहा है।इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के घर-घर जाकर विभाग द्वारा डिजिटल प्लेटफार्म में स्थानीय बोली में तैयार वीडियो के माध्यम से जागरूक कर रहे हैं।
परियोजना अधिकारी सरिता सिंह से मिली जानकारी के अनुसार लॉकडाउन अवधि में तीन से छह वर्ष आयु के सामान्य, मध्यम और गंभीर कुपोषित बच्चों को गर्म भोजन के स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में 125 ग्राम रेडी टू ईट प्रतिदिन के मान से 750 ग्राम टेक होम राशन (रेडी टू ईट) दिया जा रहा है। इसी प्रकार गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को चावल, दाल, तेल, गुड़, चना, सब्जी, आटा एवं अंडा का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रतापपुर ब्लॉक के पूरक पोषण आहार के लिए चिन्हांकित परिवारों को पूरक पोषण आहार का वितरण किया जा रहा है। पूरक पोषण आहार वितरण की निगरानी सुपरवाईजरों के द्वारा किया जा रहा है। पूरक पोषण आहार वितरण के दौरान कोरोना वायरस की रोकथाम एवं बचाव की दृष्टि से सभी आवश्यक किट मास्क, हैंड ग्लब्स, सैनिटाइजर का उपयोग किया जा रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा रेडी-टू-ईट फूड पैकेटों के वितरण के दौरान भी पूरी तरह स्वच्छता और सावधानी रखी जा रही है। हितग्राहियों को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए साफ-सफाई, फिजिकल डिस्टेसिंग की जानकारी भी दी जा रही है।उन्होंने बताया कि वे स्वयं भी कार्यकर्ताओं के साथ घर घर जा रही हैं और वितरण पूरी मात्रा में और घर घर हो,इसकी निगरानी कर रही हैं,साथ ही गांवों में ग्रामीणों से चर्चा कर खाद्यान की उपलब्धता और उनकी परेशानियों का भी जायजा ले रही हैं।

