रंजीत सोनी की मुनादी।।
बलरामपुर-छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परम्पराओं में तीज-त्यौहारों का महत्वपूर्ण स्थान है,अक्षय तृतीया या अक्ती छत्तीसगढ़ में मनाया जाने वाला ऐसा ही एक प्रमुख त्यौहार है जिसे बड़े ही उल्लास के साथ मनाया जाता है,कोविड-19 के कारण उत्पन्न परिस्थितियों ने इन त्यौहारों को सार्वजनिक रूप से मनाने पर प्रतिबंध लगा दिया है तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह आवश्यक भी है।कोविड-19 के कारण जारी लॉक डाउन के दौरान जिला तथा पुलिस प्रशासन पूरी सजगता और सक्रियता के साथ अपना दायित्व निभा रहा है,ऐसे समय में स्वास्थ्य तथा सुरक्षाकर्मियों की टीम घर से दूर होकर भी अनवरत अपनी सेवाएं दे रही है, कलेक्टर संजीव कुमार झा तथा पुलिस अधीक्षक टी.आर.कोशिमा ने संयुक्त रूप से अपने सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है,उन्होंने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में प्रथम पंक्ति में तैनात स्वास्थ्य तथा सुरक्षाकर्मियों के योगदान को सर्वोपरि मानते हुए उनका हौसला बढ़ाने के लिए एक अभिनव पहल की है।

उन्होंने अक्ती अर्थात अक्षय तृतीया के अवसर पर अपने इन योद्धाओं के उत्साहवर्धन के लिए शुभकामना संदेश के साथ खाद्य सामग्रियां भेजी है।कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इनके योगदान तथा समर्पण के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा है कि आप इस लड़ाई में अकेले नही है,हम सब साथ है तथा हर हाल में जीत हमारी ही होगी,स्वास्थ्य तथा सुरक्षाकर्मी कोरोना के विरुद्ध लड़ाई में सबसे आगे रहकर इसका सामना कर रहे है। कोरोना से इनकी सीधी लड़ाई है,ये हर प्रकार से खतरा मोल ले रहे है।इस संकट की घड़ी में प्रशासन के इस पहल ने इनका मनोबल बढ़ाया है तथा कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अभिभावक भूमिका में प्रशासन की एकजुटता का संकल्प दोहराया है ।

