रायगढ़ मुनादी।।
भाजपा पार्षदों ने शहर में सेनेटाइज़ेशन न किये जाने के विरोध में निगम भवन, आयुक्त बंगला आदि को अपने खर्चे पर सेनेटाइज किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जब भाजपा की गाड़ी सभापति के घर के पास पहुंची तो बवाल हो गया। सभापति के मोहल्लेवालों के साथ उनके समर्थक वहां आ गए और फिर भाजपा पार्षद भी आ गए और जमकर गर्मागर्मी हो गई। हालांकि बीचबचाव के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए। लेकिन भाजपा के विरोध के तरीके और कारण पर सभापति ने सवाल खड़े कर दिए हैं।
वैसे तो भाजपा ने कल ही यह घोषणा कर दी थी कि वे विरोध के अगले चरण में महापौर और सभापति के घरों का सेनेटाइज़ेशन करेगी और मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता सभापति के घर तक पहुंच भी गए थे। लेकिन सभापति ने पहले तो यह कहा कि मोहल्ले में जब एक बार सेनेटाइज़ेशन हो गया तो दुबारा करने कोई जरूरत नहीं है। भाजपा का कहना है कि शहर में सेनेटाइज़ेशन नहीं हो रहा है जबकि सभापति का कहना है कि पब्लिक प्लेस को सेनेटाइज किया गया है।
सभापति ने मुनादी को बताया कि भाजपा पार्षद अशोक यादव ने उन्हें फ़ोन पर कहा कि उन्होंने उनके वार्ड में राशन बांटा था इस लिए वे उनके वार्ड में सेनेटाइज़ेशन करवा रहे हैं। भाजपा विरोध और उसके प्रदर्शन पर अड़ी है जबकि कांग्रेस का कहना है कि ऐसे वक्त में भाजपा राजनीति कर रही है। बहरहाल यह मामला कहाँ तक पहुंचेगा यह देखने वाली बात होगी।

