जशपुर मूनादी ।। कुनकुरी नगर की सुंदरता में चार चांद लगाने और लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने के उद्देश्य से कुछ माह पहले विसर्जन तालाब के ऊपर लगभग 100 फीट ऊंचा विशाल तिरंगा झंडा लगाया गया था। जब यह तिरंगा लहराया था, तब इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुए थे। लोगों ने इसे कुनकुरी की नई पहचान बताया था।लेकिन पिछले छह दिनों से यह तिरंगा अपने स्थान पर नजर नहीं आ रहा है।अचानक झंडे को उतार लिए जाने के बाद नगर में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। सोशल मीडिया पर भी लोग लगातार सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि नगर के गौरव का प्रतीक बना यह विशाल तिरंगा अचानक हटा दिया गया?लोगों की उत्सुकता इसलिए भी बढ़ गई क्योंकि जिस तिरंगे के लगने की खबर को बड़े पैमाने पर प्रचारित किया गया था, उसके हटने को लेकर किसी प्रकार की सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई।
जब इस संबंध में नगर पंचायत के इंजीनियर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि तिरंगे में कुछ तकनीकी समस्या आ गई थी। इसी कारण उसे अस्थायी रूप से उतारा गया था। अब वह तकनीकी समस्या दूर कर ली गई है और संभावना है कि कल पुनः तिरंगा अपने स्थान पर लहरा देगा।
हालांकि इंजीनियर के इस स्पष्टीकरण के बाद लोगों को जवाब तो मिला है, लेकिन छह दिनों तक तिरंगा नहीं दिखने से जो जिज्ञासा और चर्चा का माहौल बना, वह अभी भी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है।
अब नगरवासियों की नजरें कल पर टिकी हैं। सभी इंतजार कर रहे हैं उस क्षण का, जब एक बार फिर कुनकुरी के आसमान में 100 फीट ऊंचा तिरंगा पूरी शान और सम्मान के साथ लहराता दिखाई देगा।