जशपुर मूनादी ।। जिले के कुनकुरी थाना परिसर में लगे मोबाईल टॉवर पर चढ़कर 22 साल की एक युवती फाँसी के फंदे पर झूल गई । मृतिका कुनकुरी से लगे धुंआ डांड की रहने वाली है और उसका नाम नीलिमा लकड़ा बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक युवती सुबह तकरीबन 5 बजे थाना पहुँच गई और सीधे मोबाइल टॉवर पर चढ़ने लगी ।थाने में मौजूद पुलिस के जवान और अधिकारी को जैसे ही इसकी जानकारी मिली थाने में खलबली मच गई । जवान और पुलिस के अधिकारी उससे टॉवर पर चढ़ने से मना करने लगे लेकिन वो मानी नहीं बल्कि और ऊपर चढ़ती चली गई । पुलिस अधिकारियों ने उसे खूब समझाया लेकिन उनकी बातों को समझने के बजाय वो उनके सामने ही फाँसी के फंदे पर झुक गई । मौत की लाईव तस्वीर देखकर पुलिस के होश उड़ गए।
जिले के एडीशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि युवती सोशल मीडिया पर मोबाईल टॉवर पर चढ़कर सुसाईड करने का वीडियो खुद भी देखती थी और घरवालों को भी दिखाती थी और आज वो वैसा ही करने मोबाईल टॉवर पर चढ़ गई और देखते ही देखते सुसाईड कर ली ।मृतिका की माँ ने भी मीडिया को दिए गए बयान में बताया कि वो अक्सर मोबाइल में ऐसा ही वीडियो देखा करती थी ।मोबाइल के बगैर वो रहती ही नहीं थी।
बहरहाल कुनकुरी पुलिस ने घटना की विवेचना शुरू कर दी है ।जाँच के बाद और भी कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं