रायगढ़ मुनादी।। देश भर में पेट्रोल के दाम दिन-ब-दिन बढ़ते जा रहे हैं जिससे हर इंसान को आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों में पेट्रोल की कमी होने के कारण ग्राहकों को सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया जा रहा है। दोपहिया वाहनों को 200 रुपये तक और चारपहिया वाहनों को 500 रुपये तक का पेट्रोल दिया जा रहा है, जिसकी वजह से लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए दूसरे पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
बढ़ती महंगाई का असर केवल किसी एक राज्य या शहर में नहीं, बल्कि देश के हर कोने में देखने को मिल रहा है। तेल की समस्या का साफ असर रायगढ़ में भी देखने को मिला। जब मुनादी चौपाल की टीम विजयपुर स्थित पेट्रोल पंप पहुंची, तब वहां के कर्मचारियों ने बताया कि किस प्रकार लोगों को पेट्रोल की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अगर पहले की बात करें तो मई 2026 की शुरुआत में देश में पेट्रोल करीब 94 से 95 रुपये प्रति लीटर के आसपास था, लेकिन अब बढ़ते-बढ़ते 102 से 105 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुका है। यानी सिर्फ कुछ ही दिनों में करीब 7 से 8 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ है। लगातार हो रही इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल यानी क्रूड ऑयल की कीमतों का बढ़ना बताया जा रहा है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी भी तेल आयात को महंगा बना रही है। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से खरीदता है, इसलिए वैश्विक बाजार में हलचल का सीधा असर यहां की कीमतों पर पड़ता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा लगाए जाने वाले टैक्स भी पेट्रोल की कीमतों में बड़ी भूमिका निभाते हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय तनाव, तेल उत्पादक देशों के फैसले और सप्लाई में कमी जैसी वजहें भी दाम बढ़ाने का कारण बन रही हैं।