रायपुर मुनादी।।
धमतरी जिले के वनांचल सिहावा क्षेत्र के ग्राम टांगापानी के 35 वर्षीय गनपत मरकाम जिसे स्वास्थ विभाग ने ऐहतियातन क्वारंटाइन करके रख था, ने आज सोमवार को सुबह बजरंग तालाब के किनारे पेड़ पर गमछा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे आसपास के इलाके में उसके कोरोना पीड़ित होने की अफवाह उड़ गई, जिसपर सरकार तक को सफाई देनी पड़ी।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता सगराम मरकाम ने थाने में जाकर इसकी सूचना दी। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक तमिलनाडु में बोरगाड़ी में काम पर गया हुआ था और हाल ही में 20 मार्च को वापस लौटा। चूंकि दूसरे राज्य से लौटा था इसलिए उसे स्वास्थ्य विभाग के अमले ने 22 मार्च को स्वास्थ्य जांच कर घर में रहने की सलाह दी थी। उसका नियमित जांच सुबह 8 बजे के आस पास 29 मार्च तक किया गया और उसे सर्दी, खांसी, बुखार के कोई लक्षण नहीं थे।
पिता ने यह भी बताया कि मृतक की पत्नी का एक वर्ष पहले देहांत हो चुका है और उनका पुत्र उसके साथ नहीं रहता था। मृतक के भाई संपत ने बताया कि 30 मार्च की सुबह 7 बजे वह बजरंग तालाब के पास पेड़ पर गमछा से फांसी बनाकर आत्महत्या कर लिया। पंचनामा में ग्रामीणों ने बताया है कि पत्नी की मृत्यु के बाद से वह काफी गुमसुम रहता था और शराब का सेवन भी करता था। 20 मार्च से शराबबंदी के बाद से और अधिक विचलित रहने लगा था। उसका घर पर किसी से लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ था, वह गुमसुम ही रहता था।

