प्रतापपुर मुनादी।।
कोरोना को लेकर पूर्णतः लॉकडाउन से नगर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में असहाय की मदद करने की पहल सब अपने-अपने स्तर पर कर रहे है, परंतु अभ्यारण क्षेत्र से लगे दूरस्थ गांव में असहाय को अपने अमले के माध्यम से पहचान करते हुए उन्हें आगामी 21 दिन के राशन की व्यवस्था करने की अनूठी पहल अभ्यारण के एक रेंजर ने की है।
21 दिन के पूर्णतः लॉकडाउन के मद्देनजर हर कोई अपने आसपास किसी न किसी प्रकार से मदद का प्रयास कर रहा है। इसी तारतम्य में वन क्षेत्र खासकर अभ्यारण से लगे दूरस्थ गांव में तमोर अभ्यारण क्षेत्र के रेंजर एसपी सोनी ने मदद की अच्छी पहल की है। उन्होंने अपने अभ्यारण क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांव के साथ आसपास के कई गांव में अपने अमले को निर्देशित करते हुए असहाय लोगों की मदद के लिए सर्वे कराया। इसमें खासकर अकेले रहने वाले लोगों के साथ बुजुर्ग महिला एवं पुरुष पर विशेष ध्यान दिया गया। रेंजर एसपी सोनी ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर नवरात्र में नौ गरीब परिवार की मदद करने की बात से प्रेरित होकर उन्होनें वन क्षेत्र से लगे गांव में ऐसे असहाय लोगों की मदद करने का प्रयास आरम्भ कराया। इसके लिए उन्होनें अपने स्टॉफ के माध्यम से ऐसे लोगों को सूचीबद्ध करने का निर्णय लिया। उन्होनें बताया कि अभ्यारण क्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले दूरगई गांव में कोई ऐसा असहाय परिवार या व्यक्ति नहीं मिला तब उन्होनें अभ्यारण क्षेत्र से लगे जजावल व मयूरधक्की गांव में सर्वे कराया। इस दौरान लगभग 11 ऐसे लोग मिले जो काफी असहाय होने के साथ बुजुर्ग थे। उन्होनें इन लोगों को आगामी 21 दिन के लिए राशन की व्यवस्था कराई। उन्होनें बताया कि उनके स्टॉफ ने इन लोगों को यह भी आश्वस्त किया है कि अगर यह लॉकडाउन 21 दिनों के बाद भी जारी रहा तो वे उनकी लगातार मदद करते रहेंगे। रेंजर एसपी सोनी का यह प्रयास उन क्षेत्रों के लिए काफी राहत देने वाली है, जो दुरुस्त वन क्षेत्र से लगे हुए है और जहां पर संसाधन के अभाव है। इस मुहिम में फारेस्टर हुलास राम, वनरक्षक बृजेश सिंह, लारेंस टोप्पो भी शामिल है।

