सूरजपुर मुनादी।।
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने हेतु देश के विभिन्न हिस्सों में लाॅकडाउन की घोषणा के उपरांत लगातार विभिन्न राज्यों व जिले के पुलिसकर्मियों के द्वारा सीमावर्ती इलाकों में बैरियर लगाकर सघन जांच की जा रही है। जिससे संक्रमण देश के विभिन्न हिस्सों में कम से कम फैल सके। इसके बावजूद लगातार सैकड़ों की संख्या में दिहाड़ी मजदूर अपने गृहग्राम के लिए कहीं पैदल तो कहीं ट्रकों में सवार होकर सफर कर रहे हैं। वही शासन प्रशासन संक्रमण को रोकने हेतु लगातार जांच कर लोगों को एक स्थान पर रहने हेतु आग्रह करती नजर आ रही है।
गौरतलब है कि सूरजपुर जिले के सीमावर्ती इलाके में पुलिस प्रशासन के द्वारा 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात होकर बैरिकेड लगाकर सघनता से विभिन्न वाहनों की जांच की जा रही है। इसी बीच एक बार पुन: जिले के सीमावर्ती इलाके में लटोरी पुलिस के द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान बनारस अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर कोयले से भरे ट्रक क्रमांक यूपी 65 एचटी 2623 में 21 मजदूरों को पकड़ा गया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि कोयले से भरा ट्रक बिलासपुर से निकलकर उत्तर प्रदेश गाजीपुर के लिए निकला था। जिसे लटोरी चौक के समीप बेरियर के पास रोका गया। और चालक से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उक्त वाहन में कोयला लोड है जिसे बिलासपुर से लोडकर उत्तर प्रदेश के गाजीपुर ले जाने के लिए निकला है। वही ट्रक पूरी तरह से तिरपाल से ढका हुआ था। इसी बीच पुलिसकर्मियों को चालक के ऊपर शक हुआ। जिसके पश्चात पुलिसकर्मियों के द्वारा चालक से त्रिपाल हटवा कर सामान को देखे जाने की बात कही गई त्रिपाल हटते ही 21 मजदूर कोयले के ऊपर बैठे नजर आए जिसके पश्चात पुलिस कर्मियों के द्वारा सभी मजदूरों को प्रशासन द्वारा बनाई गई आश्रय स्थल शासकीय माध्यमिक शाला महेशपुर में रखकर उनके खाने-पीने का इंतजाम किया गया वहीं तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लटोरी के स्वास्थ्य विभाग के टीम के द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण कर सभी मजदूरों को 14 दिन के लिए क्वॉरेंटाइन में निगरानी हेतु रखा गया। वही चालक के विरुद्ध लाॅकडाउन के बावजूद कोरोना वायरस के संक्रमण को जानते हुए शासन-प्रशासन के आदेशों का अवहेलना कर मानव जीवन स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को संकट उत्पन्न करने का कार्य ट्रक चालक के द्वारा किया गया। मौके से ट्रक को जप्त कर वाहन चालक के विरूद्व धारा 188 भारतीय दण्ड संहिता के तहत् मामला पंजीबद्व किया है।इस दौरान चौकी प्रभारी लटोरी सुभाष कुजूर, एएसआई कमलदास बनर्जी,प्रधान आरक्षक संजय सिहं यादव, आरक्षक विकास मिश्रा, शुभकार पाण्डेय एवं मनेश्वर सिंह ,देवनंदन राजवाडे सक्रिय रहे।

