04-April-2020


मुनादी ब्रेकिंग :- शक्कर कारखाना केरता के एमडी व जीएम पर लगे गम्भीर आरोप, मामला पहुंचा खड़गवां चौकी..... खबर के लिए पढ़िए



प्रतापपुर से मुकेश गोयल की मुनादी।।
शक्कर कारखाना से शक्कर का व्यवसाय करने वाले व्यापारी ने टेंडर के दौरान कारखाना के एमडी व जीएम के ऊपर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए खड़गवां में इसकी शिकायत की है। चौकी प्रभारी अजहरुद्दीन ने शिकायत मिलने की बात कहते हुए विवेचना आरम्भ करने की जानकारी दी है। इधर व्यवसायी ने इस संबंध में कथित ऑडियो टेप भी पुलिस एवं प्रेस को सौंपा है, जिसमें उसके द्वारा दावा किया जा रहा है कि इसमें अधिकारियों के साथ रहने वाले कथित कर्मचारी द्वारा उन्हें धमकी दी गई है

अम्बिकापुर में मां महामाया फूड प्रोडक्ट के संचालक रामदास हाड़ा ने चौकी खड़गवां में लिखित शिकायत करते हुए मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना के एमडी, जीएम सहित एक अन्य कर्मचारी पर गाली-गलौज के साथ गंभीर आरोप लगाये है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यवसायी ने आरोप लगाया है कि वह अपने पुत्र अंकुर हाड़ा के साथ 3 अप्रैल को शक्कर बिक्री के टेंडर में भाग लेने पहुंचा था। इस दौरान उसने पूर्व में टेंडर के अनुरूप शक्कर का उठाव नहीं हो पाने और बेवजह ट्रकों को प्रबंधन द्वारा खड़ी करा दिए जाने की समस्या से संबंधित भी आवेदन दिया। उसने इसके समाधान के लिए कारखाना के एमडी, जीएम एवं बीओडी के सामने भी बात रखी।

इस आवेदन के निराकरण की मांग के साथ ही दोनों अधिकारी उसपर नाराज हो गए, और उसे बैठक से बाहर कर दिया। व्यवसायी रामदास हाड़ा ने आरोप लगाए है कि इसके बाद कारखाना के अध्यक्ष ने दोनों अधिकारियों को कई मर्तबा फ़ोन कर मामले को निराकृत करने का भी प्रयास किया, परंतु अधिकारी ने एक न सुनी। इधर कुछ देर उपरांत कारखाने में नियुक्त एक कर्मचारी ने उन्हें इंतजार करने की बात कहते हुए देर शाम तक बैठाए रखा। व्यवसायी रामदास हाड़ा के द्वारा लगाए गए आरोप के अनुसार आखिरकार शाम को उन्हें बुलाया गया। उनके पहुंचते ही एमडी व जीएम ने उन्हें गंदी गाली देते हुए गन्ने के साथ पेराई करने तक कि धमकी दे डाली। व्यवसायी ने आरोप लगाया कि इस दोरान वहां मौजूद उस कर्मचारी ने उनके लड़के के साथ मारपीट करते हुए उसका मोबाईल भी छीन लिया। व्यवसायी रामदास हाड़ा ने इसकी शिकायत चौकी में करते हुए इस मामले की प्रति छत्तीसगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स रायपुर को भी प्रेषित की है। इधर इस मामले की जानकारी चौकी प्रभारी अज़हरुद्दीन से लिये जाने पर उन्होंने बताया कि उन्हें आज ही इसकी शिकायत प्राप्त हुई है, वे इसके लिए अपने स्तर पर जांच आरम्भ भी कर दिए है। इधर व्यवसायी ने एक ऑडियो टेप पुलिस व प्रेस को भी जारी किया है, जिसमें उसने दावा किया है कि इसमें अधिकारी के साथ रहने वाले कर्मचारी ने कथित तौर पर उसे धमकी दी है। फिलहाल खड़गवां पुलिस इस मामले को लेकर जांच में जुट गई है।








Advertisement

Samvad Advertisement
× Popup Image


Trending News