रायगढ़ मुनादी।। मंगलवार की शाम कोयला लोड ट्रेलरों में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस घटना में एक चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई वहीं दूसरे ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस एवं फायर बिग्रेड की टीम आग बुझाने में जुट गई है। मामला तमनार थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड अंतर्गत झींगाबहाल क्षेत्र में मंगलवार की शाम तकरीबन 7ः40 बजे कोयला लोड़ दो ट्रेलर में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि एक वाहन का चालक वाहन में फंस गया जिससे आग की चपेट में आकर जिंदा जल गया, जबकि दूसरे चालक ने किसी तरह वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई है। इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में दोनों वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस एवं फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के प्रयास में जुट गई है।