रायगढ़ मुनादी।। सोमवार की सुबह माड़ नदी में ग्रामीणों ने एक हाथी शावक के शव को तैरते हुए देखा। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहंुची पुलिस शव को बाहर निकालते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पानी में डूबने से शावक की मौत होनें की आशंका जताई जा रही है। महज 5 माह के भीतर 9 हाथी शावकों की मौत होना चिंता का विषय बना हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ वन मंडल के खरसिया रेंज गुरदा संगम नदी में आज सुबह 9 बजे के आसपास गांव के ग्रामीणों में एक हाथी शावक के शव को पानी में तैरते देखा। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी वन विभाग के अलावा हाथी मित्र दल की टीम दी। नदी में हाथी शावक की लाश मिलने की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकलवाते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से 50 से अधिक हाथियों का दल बारभौना और ऐडू के आसपास विचरण कर रहा है। संभवतः बीती रात नहाते समय या फिर नदी पार करते समय पानी में डूबने से हाथी शावक की मौत हुई होगी। फिलहाल वन विभाग मामले की जांच में जुट गई है।
जनवरी माह से आज दिनांक तक जिले में अलग अलग घटना में अब तक 9 हाथी शावकों की मौत हो चुकी है, जिसमें पानी में डूबकर मौत होने के अधिक मामले हैं। इतनी बड़ी संख्या में हाथी शावकों की मौत होना वन प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। वहीं यह मामला चिंता का विषय भी बना हुआ है।